महासमुन्द

धामनतोरी में रामायण महोत्सव , ग्रामीणों को पानी टैंकर समर्पित
16-Feb-2026 4:01 PM
धामनतोरी में रामायण महोत्सव ,  ग्रामीणों को पानी टैंकर समर्पित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बागबाहरा, 16 फरवरी।  जनपद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धामनतोरी में तीन दिवसीय भव्य रामायण महोत्सव का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। धार्मिक वातावरण से सराबोर इस आयोजन ने पूरे गांव को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामवासियों की बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करते हुए पानी टैंकर भी समर्पित किया गया, जिससे ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई।

महोत्सव का शुभारंभ पारंपरिक कलश यात्रा और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। प्रथम दिवस रामचरितमानस के बालकांड का सस्वर पाठ और व्याख्यान हुआ, जिसमें भगवान श्रीराम के अवतार, उनके बाल स्वरूप और आदर्श संस्कारों पर प्रकाश डाला गया।

द्वितीय दिवस अयोध्याकांड और अरण्यकांड के प्रसंगों के माध्यम से त्याग, मर्यादा और कर्तव्य पालन का संदेश दिया गया। तृतीय दिवस सुंदरकांड और लंकाकांड का संगीतमय वाचन हुआ, जिसमें हनुमान जी की अटूट भक्ति और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश सुन श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। प्रतिदिन भजन-कीर्तन, प्रवचन और सामूहिक आरती का आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत बागबाहरा के अध्यक्ष केशव नायकराम चन्द्राकर रहे। उनके करकमलों से ग्राम धामनतोरी को पानी टैंकर समर्पित किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि गर्मी के दिनों में पेयजल संकट गंभीर रूप ले लेता है, ऐसे में यह टैंकर गांव के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। इस पहल के लिए ग्रामवासियों ने मुख्य अतिथि एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

अपने उद्बोधन में अध्यक्ष केशव नायकराम चन्द्राकर ने कहा कि रामायण केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन जीने की सर्वोत्तम कला सिखाने वाला महान आदर्श है। भगवान श्रीराम ने अपने जीवन से सत्य, मर्यादा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा का जो उदाहरण प्रस्तुत किया है, वह आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

 उन्होंने कहा कि गांवों में इस प्रकार के आयोजन सामाजिक समरसता और भाईचारे को मजबूत करते हैं तथा नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ते हैं। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि जनपद पंचायत क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

कार्यक्रम में जनपद सदस्य राहुल चंद्राकर, सरपंच संघ अध्यक्ष एडिसन ठाकुर, पिछड़ा वर्ग कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष गिरीश पटेल, विधायक प्रतिनिधि दुर्गेश यादव, टीकम प्रसाद दुबे, अनिल पटेल, राधेश्याम पटेल, मोहन प्रसाद दुबे, रामलाल नायक, नरेश नायक, अभेलाल पटेल, जनक पटेल, शेष नारायण पटेल, चिंता राम पटेल, लोखनाथ दीवान, नून करण दीवान, जनक राम पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का ग्रामवासियों द्वारा सम्मान किया गया।


अन्य पोस्ट