महासमुन्द

बागबाहरा में वित्तीय क्रांति की शुरुआत, महिलाओं की आर्थिक ताकत को मिला विस्तार
14-Feb-2026 6:21 PM
बागबाहरा में वित्तीय क्रांति की शुरुआत, महिलाओं की आर्थिक ताकत को मिला विस्तार

बागबाहरा, 14 फरवरी। जनपद पंचायत बागबाहरा में गत दिनों राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत महिला स्व सहायता समूहों एवं उनके सदस्यों के लिए बैंकिंग व वित्तीय कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में महिला समूहों को सामूहिक बैंक लिंकेज ऋण, व्यक्तिगत इंटरप्राइजेज लोन तथा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से जुड़े हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत बागबाहरा के अध्यक्ष केशव नायकराम चंद्राकर ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने अपने प्रेरक उद्बोधन में महिलाओं को पारंपरिक आजीविका के साथ-साथ आधुनिक डिजिटल व्यवसाय से जुडऩे का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज की नारी सशक्त और आत्मनिर्भर है। एक समय था जब महिलाएं घर से बाहर निकलने में संकोच करती थीं, लेकिन आज महिलाएं स्वयं बैंक जाकर लेन-देन करती हैं।

 व्यवसाय संचालित करती हैं और डिजिटल ट्रांजेक्शन के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं।

अध्यक्ष श्री चंद्राकर ने कहा कि सभी महिलाएं शासन की योजनाओं और बैंकिंग सुविधाओं का लाभ लें तथा किसी भी प्रकार से साहूकारों के चंगुल में न फंसें। उन्होंने प्रत्येक पंचायत में बिहान योजना के माध्यम से आजीविका गतिविधियों को सशक्त रूप से संचालित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने बताया कि बागबाहरा विकासखंड में 2900 से अधिक महिला समूहों से 33000 से अधिक महिलाएं जुड़ी हुई हैं। यह एक बड़ी आर्थिक शक्ति है, जिसे संगठित कर बाजार से जोडऩे की आवश्यकता है। उन्होंने समूह उत्पादों के ब्रांडिंग, पैकेजिंग और मार्केटिंग पर भी विशेष जोर दिया।


अन्य पोस्ट