महासमुन्द

बलौदाबाजार के नाबालिग का महासमुंद के जंगल में शव मिला
13-Feb-2026 4:17 PM
बलौदाबाजार के नाबालिग का महासमुंद के जंगल में शव मिला

पुलिस सभी पहलुओं से जांच में जुटी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 13 फरवरी।  महासमुंद जिले के भंवरपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के जंगल में एक नाबालिग का शव बरामद हुआ है। उसकी पहचान बलौदाबाजार जिले के ग्राम सर्वा निवासी 17 वर्षीय उद्देश वर्मा के रूप में की गई है। वह 15 दिन से लापता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्या सहित अन्य संभावित कारणों को भी खंगाला जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, 29 जनवरी को उद्देश वर्मा अपने दोस्तों के साथ टूंड्री गांव में मड़ाई मेला देखने गया था। लौटते समय उसने दोस्तों से महासमुंद जिले के ग्राम पंचायत जमदरहा के आश्रित ग्राम जमनीडीह जाने की बात कही। बताया गया है कि वह वहां एक परिचित युवती से मिलने गया था। रात करीब 11 बजे वह जमनीडीह पहुंचा। इसके बाद से वह लापता हो गया।

30 जनवरी को उसके दोस्त धर्मेंद्र वर्मा ने भंवरपुर चौकी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। कुछ दिनों बाद वह मोबाइल फोन, जो उद्देश ने अपने दोस्त से लिया था, गांव के पास मिला। इसके बाद पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया और डॉग स्क्वॉड की मदद भी ली, लेकिन तत्काल कोई सुराग नहीं मिला।

गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे तलाशी के दौरान युवती के गांव से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में एक शव बरामद हुआ। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। शव की पहचान परिजनों ने उद्देश वर्मा के रूप में की। पुलिस के अनुसार, शव की स्थिति को देखते हुए पोस्टमार्टम के लिए रायपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

पुलिस संबंधित युवती और उसके परिजनों से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी और वे फोन पर संपर्क में थे। एडिशनल एसपी प्रतिभा पांडेय ने कहा कि लापता नाबालिग का शव जंगल से मिला है। उन्होंने बताया कि मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। उन्होंने यह भी कहा कि घटनास्थल पर संघर्ष के स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।


अन्य पोस्ट