महासमुन्द

व्याख्याताओं ने आईआईएसईआर कार्यशाला में की शिरकत
13-Feb-2026 4:06 PM
व्याख्याताओं ने आईआईएसईआर  कार्यशाला में की शिरकत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 13 फरवरी। भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान पुणे में 2 से 4 फरवरी तक राष्ट्रीय आविष्कार अभियान अंतर्गत तीन दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का आयोजन राज्य परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा द्वारा किया गया था, जिसका उद्देश्य शिक्षकों को आधुनिक विज्ञान शिक्षण पद्धतियों से परिचित कराना था।

जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ राज्य से चयनित 100 व्याख्याताओं ने कार्यशाला में भाग लिया। महासमुंद जिले से नंद कुमार चौधरी (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गड़बेड़ा), रंजीता दीवान (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिरकोनी), अंकित चंद्राकर (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बी.के. बाहरा) तथा रेखा पुरोहित (सेजेस सरायपाली) शामिल हुए।

कार्यशाला के अंतर्गत साइंस एक्टिविटी सेंटर के माध्यम से कम लागत वाली सामग्री से विज्ञान प्रयोग एवं शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम) निर्माण का प्रशिक्षण दिया गया। शिक्षा में नवाचार और अनुसंधान आधारित शिक्षण पर भी सत्र आयोजित किए गए।

प्रतिभागी शिक्षकों ने संस्थान की प्रयोगशालाओं, विज्ञान गैलरी और तारामंडल का अवलोकन किया। प्रशिक्षण में प्रकाश, गुरुत्वाकर्षण, गति, खगोल विज्ञान तथा पर्यावरण से जुड़े विषयों को दैनिक जीवन के उदाहरणों के माध्यम से पढ़ाने के तरीकों पर मार्गदर्शन दिया गया। डिजिटल शिक्षण सामग्री के निर्माण और उपयोग पर भी जानकारी दी गई।

भाग लेने वाले शिक्षकों ने बताया कि प्रशिक्षण से विज्ञान शिक्षण को अधिक व्यावहारिक और विद्यार्थी-केंद्रित बनाने में सहायता मिलेगी।


अन्य पोस्ट