महासमुन्द

वन विश्राम गृह के उपयोग को लेकर आपत्ति, जांच की मांग
12-Feb-2026 3:54 PM
वन विश्राम गृह के उपयोग को लेकर आपत्ति, जांच की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 12 फरवरी। स्थानीय वन विभाग के विश्राम गृह के उपयोग को लेकर आपत्ति दर्ज कराई गई है। वरिष्ठ समाजसेवक एवं कांग्रेस नेता ठाकुर अनंत सिंह वर्मा ने वन मंत्री को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि वन विभाग के विश्राम गृह का उपयोग संबंधित अफसर द्वारा आवास के रूप में किया जा रहा है।

पत्र में कहा गया है कि पिथौरा नगर में वन विभाग और लोक निर्माण विभाग के दो शासकीय विश्राम गृह हैं, जिनका उपयोग दौरे पर आने वाले जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के ठहरने के लिए किया जाता है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि वन विभाग का विश्राम गृह पिछले कुछ माह से आम उपयोग के लिए उपलब्ध नहीं है।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया है कि वन परिक्षेत्र मुख्यालय में रेंजर और एसडीओ के लिए पृथक शासकीय आवास उपलब्ध हैं। आरोप है कि इसके बावजूद एक अफसर  द्वारा विश्राम गृह में निवास किया जा रहा है। पत्र में यह भी कहा गया है कि विश्राम गृह में तैनात दो कर्मचारी वर्तमान में अफसर की सेवा में लगे हुए हैं।

श्री वर्मा ने मांग की है कि विश्राम गृह को पूर्ववत उपयोग के लिए उपलब्ध कराया जाए तथा मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों के वेतन की समीक्षा की भी मांग की है।

इस संबंध में वन विभाग या संबंधित अधिकारी की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हुई है।


अन्य पोस्ट