महासमुन्द

सभी उपवर्गों के साथ रोटी-बेटी का चलन शुरू करने की दिशा में आगे आया यादव समाज
11-Feb-2026 4:41 PM
सभी उपवर्गों के साथ रोटी-बेटी का चलन शुरू करने की दिशा में आगे आया यादव समाज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,11फरवरी। बीते सोमवार को ग्राम छिदौली झलप में महासमुंद जिले के यादव समाज के प्रमुखों की एक आवश्यक बैठक आहुत की गई जिसमें जिले भर से यादव समाज के सभी वर्गों के प्रमुखजन मौजूद थे। बैठक में समाज में निहित जटिल सामाजिक मुद्दों पर चर्चा हुई। जिला यादव समाज के वरिष्ठ सदस्य रामआसरे यादव ने बैठक में अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने मुख्य रूप से महासमुंद जिले के सभी विकासखंडों में प्रतिवर्ष निरंतरता के साथ सामाजिक सम्मेलन अनिवार्य आयोजित करने पर बल दिया। उन्होंने समाज प्रमुखों से निवेदन किया कि समाज के अंदर नए युवाओं में नेतृत्व क्षमता का विकास करते हुए उनकी सामाजिक भागीदारी बढ़ाई जावे, ताकि भविष्य में हमारे युवा सामाजिक राजनीतिक क्षेत्र में भी अपना स्थान हासिल कर सकें।  बैठक में वर्तमान समय के मांग के अनुसार बहुत जल्द यादव समाज के सभी उपवर्गों को शादी ब्याह में वर्ग बंधन न रखने, समाज के सभी उप वर्गों में रोटी-बेटी का लेनदेन का निर्णय लिया गया। कहा गया कि यादव समाज के सभी उपवर्गों में जिस दिन पारिवारिक रिश्ता बना शुरू हो जाएगा,उस दिन यादव समाज के लोगों को राजनीतिक परिदृश्यों में भी वर्गों मे बांटा नहीं जा सकेगा। सामाजिक एकीकरण का भाव रहेगा तो यादव समाज के सामाजिक राजनीतिक आर्थिक उन्नति को कोई रोक नहीं पाएग।

उक्त बैठक में महासमुंद, गरियाबंद जिले के सामाजिकजन भी शामिल हुए। कार्यक्रम का संयोजन बैठक में विशेष रूप से शामिल महासमुंद जिला यादव समाज के वरिष्ठ कार्यकर्ता संजय यादव ने किया। उन्होंने कहा कि हमारा समाज कई वर्गों में बंटा हुआ है। हम सबको एक होकर समाज और देश के लिए काम करना है। खासकर युवा शक्तियों को सही दिशा देना है। उनमें राजनीति, शासन-प्रशासन में भागीदारी का जुनून बढ़ाना है। तब जाकर हमारा समाज आगे बढ़ सकता है। अब जरूरत एक साथ चलने का है। समाज का हर तबका नये समाज की दिशा में काम जरूर करें लेकिन अपनी परंपरा और संस्कृति को साथ लेकर चलें। हमारी संस्कृति बहुत ही उम्दा है और देश जानता है हमारा वंश श्रीकृष्ण जी भक्त हैं और उन्होंने कर्म पथ को चुना है।  कार्यक्रम में विशिष्ट रूप से महासमुंद यादव समाज जिला अध्यक्ष विनोद यादव, सिरपुर महासभा अध्यक्ष भुवनेश्वर यादव, हबेलाल यादव, जीवन यादव कोसरंगी, जीवन यादव लभरा,अमित यादव, मोतीराम यादव, बलराम यादव, सतीश यादव, मनोज यादव, यादव, मनीराम यादव, ढेलूराम यादव,  उमाशंकर यादव, अगेश्वर यादव, नंदलाल यादव, रामदयाल यादव, पुरुषोत्तम यादव, रामप्यारा यादव, रेवा यादव, जगमोहन यादव, गरियाबांद छुरा से पहुंचे नंदलाल यादव तथा महेश राम यादव उपस्थित थे। 


अन्य पोस्ट