महासमुन्द

रेत का अवैध परिवहन, 6 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त
09-Feb-2026 4:30 PM
रेत का अवैध परिवहन, 6 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त

महासमुंद,9फरवरी। शनिवार की रात सोनाखान तहसील अंतर्गत ग्राम भानपुर में रेत का अवैध परिवहन कर रहे 6 ट्रैक्टर को खनिज और राजस्व विभाग ने जब्त किया है। यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब जिले के कई क्षेत्रों से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। सोनाखान तहसील के ग्राम भानपुर क्षेत्र में राजस्व विभाग की टीम गश्त कर रही थी। इस दौरान 6 ट्रैक्टर अवैध रूप से रेत का परिवहन करते पाए गए।

जांच के दौरान ट्रैक्टर चालकों के पास न तो रेत परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज पाए गए और न ही किसी प्रकार की अनुमति दी गई थी। इसके बाद राजस्व विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी 6 ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया। ट्रैक्टरों को थाना राजादेवरी के सुपुर्द किया गया है। आगे की कानूनी प्रक्रिया थाना स्तर पर की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। जिन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, उनके विरुद्ध नियमानुसार जुर्माना, जब्ती और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं अपनाई जाएंगी।

साथ ही प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध रेत उत्खनन या परिवहन की जानकारी मिले, तो तुरंत प्रशासन व पुलिस को सूचित करें।


अन्य पोस्ट