महासमुन्द
क्षेत्रवासियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जताया विरोध
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 8 फरवरी। खल्लारी क्षेत्र के ग्राम रेवा मोंगरपाली से बिहाझर तक सडक़ निर्माण को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष व खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव की अगुवाई में मुनगासेर में धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री व वित्त मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध जताया गया। बाद इसके मांगों को लेकर ज्ञापन भी सौंपा गया।
यहाँ यह बताना लाजिमी होगा कि रेवा मोंगरपाली से बिहाझर तक सडक़ निर्माण के लिए लंबे समय से मांग की जा रही है। लगातार शासन प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराने के बाद भी इस दिशा में कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है। लिहाजा शनिवार को कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर रेवा मोंगरपाली से बिहाझर तक सडक़ निर्माण के लिए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों व कांग्रेसजनों ने धरना प्रदर्शन किया।
धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व खल्लारी विधायक श्री यादव ने कहा कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से सडक़ की मांग कर रहे हैं। उनकी मांग को प्राथमिकता में लेते हुए उनके प्रस्ताव पर सडक़ निर्माण के लिए बजट स्वीकृत किया गया है। उन्होंने इस सडक़ के लिए वित्त मंत्री को पत्र लिखकर प्रशासकीय स्वीकृति के लिए ध्यानाकर्षित कराया। बावजूद इसके अभी तक सडक़ निर्माण के लिए प्रशासकीय स्वीकृति नहीं मिली है। जबकि दो साल के अंदर प्रशासकीय स्वीकृति देने की नीति है। जबकि विधानसभा में भी इस मामले में याचिका प्रस्तुत की गई है। लेकिन सरकार जानबूझकर स्वीकृति नहीं दे रही है।
श्री यादव ने कहा कि सडक़ नहीं बनने से क्षेत्रवासियों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। खासकर बरसात के दिनों में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इससे क्षेत्रवासी खासे परेशान हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार को जनता की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है। जनता को मूलभूत सुविधाएं मुहैया नहीं करा पा रही है। उन्होंने धान खरीदी को लेकर भी भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से कोमाखान अध्यक्ष खेमराज सिन्हा, बागबाहरा अध्यक्ष देवनाथ साहू, सुंदर लाल साहू, सालिक राम चन्द्राकर, चन्द्रहास साहू, फुलसिंग ध्रुव, शहनाज पाशा, संतोष पटेल, खेमराज ध्रुव, किशोर चतुर्वेदी, दुर्गा सागर, सविता ठाकुर, हुलाल चन्द्राकर, केशव चन्द्राकर, तुलाराम ठाकुर, तूफान दीवान, ओंकार ठाकुर, रमेश साहू, एडिशन कुमार, राजू चन्द्राकर आदि उपस्थित रहे।
12 में से मात्र दो सडक़ के लिए मिली है स्वीकृति
श्री यादव ने कहा कि खल्लारी विधानसभा क्षेत्र में 12 सडक़ों में से 10 सडक़ का काम भी अधर में लटका है। सरकार द्वारा ध्यान बांटने के लिए मात्र दो सडक़ों के लिए अग्रिम कार्रवाई की गई है। इससे प्रदेश सरकार की नीयत का पता चलता है।
मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
श्री यादव ने कहा कि क्षेत्रवासियों की मांग पूरी होने पर जनता के साथ उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही कोई कार्रवाई नहीं होने पर एसडीएम दफ्तर व कलेक्टर कार्यालय का घेराव करने के साथ ही क्षेत्रवासियों के साथ बाइक रैली से रायपुर पहुंचकर मुख्यमंत्री व वित्तमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा।


