महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 फरवरी। स्वाध्याय केन्द्र समिति महासमुंद व सहयोगी संस्था श्री बालाजी कृष्ण गोपाल सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में संचालित अविरल सितली-निर्मल सितली अभियान वर्तमान में अपनी पूरी गति के साथ प्रगति पथ पर है। शहर की जल संरचनाओं के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन के संकल्प के साथ शुरू किया गया यह जन अभियान अब धरातल पर मूर्त रूप लेता दिखाई दे रहा है। अभियान के वर्तमान चरण में सितली नाला क्षेत्र के दोनों तटों पर विशेष कार्य किया जा रहा है। जिसमें नाले के दोनों ओर व्यवस्थित रूप से मलबा डालकर पैदल पार पथ पेडेस्ट्रियन पाथवे के निर्माण के लिए लेवलिंग का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।
इस कार्य में अत्याधुनिक चैन माउंटेन मशीन को भी लगाया गया है। गहरीकरण व सौंदर्याकरण के कार्यों में भी तेजी आई है। समिति के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत पाणिग्रही, सचिव मोहन साहू सहित सदस्यों ने इस कार्य को शहर की गरिमा और भविष्य के जल संकट के निवारण के लिए अत्यंत आवश्यक बताया है।


