महासमुन्द

इंडियन आइडल फेम कलाकारों की प्रस्तुति से गूंज उठा सिरपुर महोत्सव
04-Feb-2026 4:33 PM
इंडियन आइडल फेम कलाकारों की प्रस्तुति से गूंज उठा सिरपुर महोत्सव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 महासमुंद, 4 फरवरी। सिरपुर महोत्सव के द्वितीय दिवस आयोजित संगीतमय एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को कला, संस्कृति और संगीत की विविध विधाओं से रूबरू कराया। पूरे दिन एवं रात्रि तक चले कार्यक्रमों में शास्त्रीय, सूफी, भक्ति, लोक एवं आधुनिक संगीत का सुंदर संगम देखने को मिला, जिससे महोत्सव परिसर उत्साह और उल्लास से सराबोर रहा।

रात्रि सत्र में इंडियन आइडल फेम कलाकारों की विशेष प्रस्तुति महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहा। रात्रि 8 से 10 बजे तक इंडियन आइडल सीजन 10 के नितिन कुमार, सीजन 12 के नचिकेत लेले एवं सुप्रसिद्ध गायिका वैशाली रायकवार ने अपनी सुमधुर, सशक्त एवं भावपूर्ण आवाज़ से मंच पर समां बांध दिया। तीनों कलाकारों ने एक से बढक़र एक लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों का दिल जीत लिया। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत बॉलीवुड, सूफी, भक्ति एवं आधुनिक गीतों ने श्रोताओं को भावनाओं के विभिन्न रंगों से परिचित कराया। मधुर प्रेम गीतों पर दर्शक झूमते नजर आए तो भक्ति और सूफी रचनाओं पर वातावरण श्रद्धा और शांति से भर उठा।

आधुनिक गीतों की प्रस्तुति के दौरान युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरा परिसर तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों और दर्शकों के बीच आत्मीय संवाद भी देखने को मिला। कलाकारों ने सिरपुर की ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता की सराहना करते हुए यहाँ प्रस्तुति देने पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा दर्शकों के प्रेम और समर्थन के लिए आभार प्रकट किया।


अन्य पोस्ट