महासमुन्द

इंडियन आइडल फेम कलाकारों से गूंज उठा सिरपुर
03-Feb-2026 3:43 PM
इंडियन आइडल फेम कलाकारों से गूंज उठा सिरपुर

पहले दिन हंसराज रघुवंशी के भक्ति गीतों ने माहौल बनाया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,3 फरवरी। आज शाम राज्य के  खाद्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल की मुख्य आतिथ्य में मीत ब्रदर्स की धमाकेदार प्रस्तुति के साथ सिरपुर महोत्सव का भव्य समापन होगा। सिरपुर महोत्सव 2026 के अंतिम दिवस आज 3 फ रवरी को संगीत, नृत्य और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। दिनभर विविध शास्त्रीय एवं लोक प्रस्तुतियों के पश्चात रात्रि 7 बजे से 10 बजे तक प्रसिद्ध म्यूजिक डायरेक्टर एवं बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर मीत ब्रदर्स, मुंबई अपनी शानदार प्रस्तुति देंगे। गौरतलब है कि मीत ब्रदर्स जिनके सुपरहिट गीतों ने देशभर के युवाओं और संगीत प्रेमियों के दिलों में विशेष स्थान बनाया है। इस अवसर पर अपने लोकप्रिय गीतों से माहौल को संगीतमय बनाएंगे। आज ही दोपहर 2 बजे से विभिन्न कलाकारों द्वारा कत्थक, ओडिसी, पंथी, बस्तरिहा नृत्य, डंडा नृत्य एवं लोक प्रस्तुतियों का सिलसिला जारी रहेगा। शाम 4:30 बजे से 5:30 बजे तक समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात लोक साधना की प्रस्तुति होगी। सिरपुर महोत्सव के द्वितीय दिवस कल आयोजित संगीतमय एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को कला, संस्कृति और संगीत की विविध विधाओं से रूबरू कराया। पूरे दिन एवं रात्रि तक चले कार्यक्रमों में शास्त्रीय, सूफ ी, भक्ति, लोक एवं आधुनिक संगीत का सुंदर संगम देखने को मिला। जिससे महोत्सव परिसर उत्साह और उल्लास से सराबोर रहा।

रात्रि सत्र में इंडियन आइडल फेम कलाकारों की विशेष प्रस्तुति महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहा। रात्रि 8 बजे से 10 बजे तक इंडियन आइडल सीजन 10 के विजेता नितिन कुमार, सीजन 12 के नचिकेत लेले एवं सुप्रसिद्ध गायिका वैशाली रायकवार ने अपनी सुमधुर सशक्त एवं भावपूर्ण आवाज से मंच पर समां बांध दिया। तीनों कलाकारों ने एक से बढक़र एक लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति दी।

कलाकारों द्वारा प्रस्तुत बॉलीवुड, सूफ ी, भक्ति एवं आधुनिक गीतों ने श्रोताओं को भावनाओं के विभिन्न रंगों से परिचित कराया। मधुर प्रेम गीतों पर दर्शक झूमते नजर आए तो भक्ति और सूफी रचनाओं पर वातावरण श्रद्धा और शांति से भर उठा। आधुनिक गीतों की प्रस्तुति के दौरान युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरा परिसर तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों और दर्शकों के बीच आत्मीय संवाद भी देखने को मिला। कलाकारों ने सिरपुर की ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता की सराहना करते हुए यहां प्रस्तुति देने पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा दर्शकों के प्रेम और समर्थन के लिए आभार प्रकट किया।

 

महोत्सव के पहले दिन महोत्सव में प्रसिद्ध लोक भक्ति गायक बाबा हंसराज रघुवंशी की भव्य प्रस्तुति रही। जिसने हजारों श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। बाबा हंसराज रघुवंशी ने अपने लोकप्रिय भजन मेरा भोला है भंडारी, करे नंदी की सवारी, शिव समा रहे मुझमें, लागी लगन शंकरा, भोला मस्त मलंग, अयोध्या आए मेरे प्यारे राम सिया राम जी और भोलेनाथ की शादी है जैसे गीतों से समां बांध दिया। उनकी मधुर आवाज और भावपूर्ण गायन पर दर्शक झूम उठे और पूरा परिसर बोल बम के जयकारों से गूंज उठा। वहीं सुनील तिवारी लोक कला मंच के रंग.झांझर कार्यक्रम ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। इसके साथ ही महोत्सव में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति एवं देश की शास्त्रीय, सूफ ी और आधुनिक संगीत विधाओं की मनमोहक प्रस्तुतियांंं भी हुईं। फुलझरिया कर्मा पार्टी द्वारा कर्मा नृत्य, छत्तीसगढ़ी लोक कला मंच द्वारा लोक कला प्रदर्शन,इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के कलाकारों द्वारा कत्थक एवं लोक नृत्य ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया। शास्त्रीय संगीत के अंतर्गत ध्रुपद, सितार वादन, ओडिसी नृत्य, भरथरी प्रस्तुति एवं तथागत नाटक ने कार्यक्रम को और भी गरिमामय बनाया।

 


अन्य पोस्ट