महासमुन्द

अवैध गांजा परिवहन के 8 मामले में 27 पर जुर्म दर्ज
30-Jan-2026 4:44 PM
अवैध गांजा परिवहन के 8 मामले में 27 पर जुर्म दर्ज

पौने 8 करोड़ का गांजा बरामद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 30 जनवरी। जिला पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने गांजा की अवैध सप्लाई मामले में अब तक की सबसे बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए 8 अलग-अलग मामलों 27 लोगों को गिरफ्तार उनसे 1533.01 किग्रा गांजा और 146 नग नशीली सिरप जब्त की है। इस बार महासमुंद पुलिस ने एंड.टू.एंड विवेचना सप्लाई चैन जांच के तहत कार्रवाई करते हुए न केवल गांजा परिवहन करने वालों को पकड़ा है बल्कि ओडिशा से गांजा सप्लाई करने वाले बैकवर्ड लिंक और महाराष्ट,उत्तर प्रदेश व छत्तीसगढ़ में इसे मंगवाने वाले फॉरवर्ड लिंक मुख्य सरगनाओं को भी सलाखों के पीछे भेज दिया है।

इस संयुक्त अभियान के दौरान पुलिस ने जब्त किए गए मादक पदार्थों की कुल बाजार कीमत लगभग 7 करोड़ 86 लाख 50 हजार रुपए बताई है। बताया गया है कि टास्क फोर्स ने तस्करी के पूरे इकोसिस्टम को ध्वस्त करने के लिए तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया। अभियान में कुल 27 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है।

जानकारी के मुताबिक कोमाखान में सबसे बड़ी रिकवरी कोमाखान पुलिस ने दो बड़े मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। प्रकरण 08 में सर्वाधिक 950 किग्रा गांजा कीमत 4.75 करोड़ जब्त किया गया। इसमें जालना महाराष्ट्र के परिवहनकर्ताओं के साथ व्यवस्थापक प्रदीप मुसदवले को भी दबोचा गया। प्रकरण 07 में 520 किग्रा गांजा कीमत 2.60 करोड़ बरामद किया गया। पुलिस ने इस मामले में पुणे के सोनवाने परिवार रामदास, कुनाल और प्रतीक को नामजद किया है जो गांजा मंगवा रहे थे। साथ ही कालाहांडी ओडि़शा से सप्लाई करने गये रंजन दुर्गा को भी गिरफ्तार किया है।

 तीन अलग.अलग कार्रवाइयों में 50 किग्रा गांजा 25 लाख के साथ परिवहनकर्ता कुशल सिंह और उत्तर प्रदेश के खरीदार राघवेंद्र सिंह को पकड़ा है। 26 किग्रा गांजा कीमत 13 लाख के साथ पुणे और महासमुंद के तस्करों सहित ओडि़शा के सप्लायर मलिक को गिरफ्तार किया तथा नशीली सिरप के अवैध कारोबार पर रोक लगाते हुए 146 नग सिरप बरामद की।

          इसके अलावा दो अन्य मामलों में कुल 32 किग्रा से अधिक गांजा जब्त किया गया। इसमें दुर्ग और रायपुर के तस्करों के साथ-साथ कंधमाल ओडि़शा के सप्लायर शिबु बिधानी को गिरफ्तार किया गया। रायपुर की समता कॉलोनी निवासी हर्षित सक्सेना को भी फ ॉरवर्ड लिंक के रूप में चिन्हित किया गया है। पुलिस ने 4.930 किग्रा गांजा जब्त कर आरंग क्षेत्र के खरीदार ओमप्रकाश रात्रे को पकड़ा है।


अन्य पोस्ट