महासमुन्द
महासमुंद, 29 जनवरी। महासमुंद थाना क्षेत्र के ग्राम बिरकोनी के पास एक सडक़ हादसे में बाइक सवार नाबालिग की मौत हो गई। वहीं उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मृतक हेमंत सिन्हा पिता शिवकुमार सिन्हा ग्राम पंचायत सेमरिया आरंग का रहने वाला था। वह अपने साथी पिन्टू के साथ बाइक में सेमरिया से अपने दोस्तों से मिलने जा रहा था। इसी दौरान बिरकोनी के पास अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक सवार हेमंत सडक़ किनारे जा गिरा। इससे उसके सिर में गंभीर चोटें आई, घटना को देख लोग मदद करने के लिए दौड़े जहां दोनों युवकों को उपचार के लिए नजदीक के अस्पताल ले जा रहे थे। गाड़ी में बिठाते वक्त ही हेमंत ने दम तोड़ दिया। जबकि उनके साथ पिन्टू को गंभीर हालत में नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने रायपुर रेफर कर दिया। उनकी भी हालत नाजुक बताई जा रही है। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।


