महासमुन्द

फिंगर स्कैन नहीं होने से केवाईसी से वंचित हो रहे दिव्यांग-वृद्ध उपभोक्ता
01-Jan-2026 4:03 PM
फिंगर स्कैन नहीं होने से केवाईसी से वंचित हो रहे दिव्यांग-वृद्ध उपभोक्ता

महासमुंद,1 जनवरी। जिले में वयोवृद्ध और दिव्यांग जनों को राशन कार्ड के केवाईसी में परेशानी हो रही है। फिंगर स्कैन नहीं होने की वजह से बड़ी संख्या में निराश्रित, नि:शक्त और प्राथमिकता वाले राशन कार्डधारी केवाईसी से वंचित हो रहे हैं। जिले में कुल 3लाख,60हजार, 186 अंत्योदय, निराश्रित,प्राथमिकता और नि:शक्त केटेगिरी के उपभोक्ता है। जिनमें 48हजार 487, अंत्योदय,

2हजार147 निराश्रित, 2लाख,68हजार,933 प्राथमिकता और 1हजार 85 नि:शक्त हैं। केवाईसी नहीं करा पाने की वजह से इन केटेगिरी के कार्डधारी परेशान हैं।

विभाग का कहना है कि खाद्य विभाग ने इसे लेकर मंत्रालय में पत्र लिखा है। लेकिन अभी तक फिंगर स्कैन के स्थान पर कोई विकल्प नहीं है। इससे वयोवृद्ध और दिव्यांग जनों को परेशानी हो रही है। जिले में वयोवृद्ध और दिव्यांग जनों को केवाईसी प्रक्रिया में आ रहीं परेशानी को देखते हुए खाद्य विभाग ने रेटीना स्कैन विकल्प के लिए संचालनालय रायपुर को पत्र भेजा है। इस विकल्प के आते ही वयोवृद्ध और दिव्यांग जनों को केवाईसी प्रक्रिया में सुविधा मिलेगी। इससे पहले भी फिंगर स्कैन नहीं होने की वजह से बड़ी संख्य में निराश्रित, नि:शक्त और प्राथमिकता वाले राशन कार्ड धारी केवाईसी से वंचित हो रहे थे। मिली जानकारी के अनुसार कुछ उपभोक्ताओं की फिंगर स्कैन नहीं होने की शिकायतें मिल रही थी। हाल ही में आवेदक अकिल मोहम्मद निवासी वार्ड 12 महासमुंद द्वारा क्रमांक कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन प्रस्तुत किया गया है। जिसमें उनके द्वारा लेख किया है कि उनकी पुत्री नाहीद अंजूम के नाम से नि:शक्तजन राशन कार्ड क्रमांक 223850362068 बना हुआ है। जिसमें पुत्री 80 प्रतिशत दिव्यांग होने एवं पुत्री अनवरी फातिमा का नि:शक्तजन राशन कार्ड क्रमांक प्रतिशत दिव्यांग तथा आंख से नहीं दिखने तथा चलने-फिरने में असमर्थ होने एवं उनका नॉमिनी पिता होने के कारण ई केवायसी नहीं हो रहा है। इसी प्रकार संदर्भित पत्र क्रमांक 2 में आवेदक पुरूषोत्तम कुमार ध्रुव, निवासी परसद विकासखंड महासमुंद के एपीएल राशन कार्ड क्रमांक 223854501258 में 6 सदस्य हंै जिसमें देवेन्द्र कुमार ध्रुव का मानसिक रूप से विक्षिप्त होने के कारण ई केवायसी नहीं हो पाया और चावल दुकान में उसका आबंटन शून्य दर्शित रहा है।


अन्य पोस्ट