महासमुन्द
पिथौरा, 30 दिसंबर। पिथौरा नगर के मुख्य मार्ग पर स्थित ‘मां बेरीवारी जनरल स्टोर्स ’ में बीती रात चोरी की घटना सामने आई है। दुकान संचालक के अनुसार अज्ञात व्यक्ति दुकान की छत के रास्ते भीतर घुसे और नकदी व सामान लेकर चले गए। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। दुकान संचालक त्रिलोक अग्रवाल ने बताया कि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के अनुसार रात लगभग 2 बजे अज्ञात व्यक्ति पास में निर्माणाधीन दुकान की ओर से उनकी दुकान की छत पर लगे टिन शीट को हटाकर अंदर प्रवेश किया। उन्होंने बताया कि गल्ले में रखे सिक्के और नोट मिलाकर लगभग 20 हजार रुपये, पूजा के सिक्के करीब 30 से 35 हजार रुपये तथा सिगरेट के कार्टन चोरी हुए हैं। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू की है।
पुलिस का कहना है कि मामले में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है। क्षेत्र में हाल के दिनों में हुई अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पुलिस द्वारा जानकारी एकत्र की जा रही है।