महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,29 दिसंबर। आज 29 दिसंबर से 31 दिसंबर तक सभी विभागें के अधिकारी-कर्मचारियों ने हड़ताल शुरू कर दी है। फेडरेशन का यह हड़ताल तीन दिनों 31 दिसंबर तक जारी रहेगा। इस तरह आज से 3 दिन सरकारी कामकाज प्रभावित रहेंगे। सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने अवकाश पर रहने की सूचना जिला प्रशासन व जिला शिक्षा अधिकारी को दे दी है।
कुछ साल से सरकारी कर्मचारी-अधिकारी अपनी 11 मांगों को लेकर चरणबद्ध ढंग से आंदोलनरत हैं। उनकी प्रमुख मांग है कि केंद्र के समान कर्मचारी एवं पेंशनरों को देय तिथि से महंगाई भत्ता प्रदान किया जाए। एरियर्स की राशि जिसे सरकार द्वारा 5 वर्षों से कर्मचारियों को नहीं दिया गया है, जीपीएफ खाते में समायोजित की जाए। सभी कर्मचारियों को चार स्तरीय समय मान वेतनमान दिया जाए। प्रदेश के लिपिक, शिक्षकों, स्वास्थ्य विभाग, महिला शिक्षकों एवं पशु चिकित्सा अधिकारियों, बाल विकास विभाग सहित विभिन्न संवर्गों की वेतन विसंगतियों को दूर करने पिंगुआ कमेटी की रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। इसी प्रकार अनुकंपा नियुक्ति नियमों में 10 प्रतिशत सीलिंग में शिथिलीकरण किया जाये। प्रदेश में कैशलेस सुविधा लागू की जाए। अर्जित अवकाश नगदीकरण मध्यप्रदेश की तर्ज पर 300 दिन किया जाए। दैनिक अनियमित संविदा कर्मचारियों को नियमित करने की ठोस नीति बने तथा सभी विभागों में समानता लाते हुए सेवानिवृत्त आयु 65 वर्ष की जाए।
गौरतलब है कि जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने 1 से 8वीं की छमाही परीक्षा की समय सारिणी घोषित कर दी है। तद्नुसार 2 जनवरी से ंपरीक्षाएं शुरू है। बावजूद इसके कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय आव्हान पर जिले के 15-20 हजार अधिकारी-कर्मचारी-शिक्षक अपनी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर आज से 3 दिन के लिए काम बंद कलम बंद हड़ताल शुरू कर चुके हैं। इनमें लगभग सभी विभागों का स्टाफ शामिल है। इस वजह से सरकारी कामकाज ठप है। हड़तालियों में सर्वाधिक संख्या शिक्षकों की होने के कारण अध्यापन कार्य भी ठप ही रहेगा। इसका सीधा असर कक्षा पहली से 8वीं तक के छात्र.छात्राओं की छैमाही परीक्षा की तैयारी पर पड़ेगा।
फेडरेशन के जिला संयोजक एवं प्रवक्ता सिराज बक्श ने बताया कि कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन की हड़ताल 31 जनवरी तक है। दूसरे दिन 1 जनवरी को ड्यूटी पर आएंगे और दूसरे ही दिन 2 जनवरी को छठवीं, सातवीं, आठवीं के बच्चे क्रमश: संस्कृत, हिंदी व विज्ञान का पर्चा हल करेंगे। परीक्षा के पहले 3 दिन स्कूलों में अध्यापन लगभग ठप रहेगा।
इसके लिए शिक्षा विभाग ने कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की है।
फेडरेशन के कोषाध्यक्ष ईश्वर चंद्राकर, दीपक तिवारी, संदीप तिवारी ने बताया कि हड़ताल के तीसरे चरण में लोहिया चौक महासमुंद में तीनों दिन जुटेंगे। संबोधन और नारेबाजी के अलावा चर्चा होगी और तीसरे दिन लोहिया चौक से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन कलेक्टर को देने रैली के साथ जाएंगे।