महासमुन्द

कोचियों में विवाद, चली गोली, एक जख्मी
28-Dec-2025 5:38 PM
कोचियों में विवाद, चली गोली, एक जख्मी

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
महासमुंद, 28 दिसंबर।
महासमुंद जिले के अंतिम गांव दलदली में दूसरे जिले से लाए गए अवैध धान को लेकर कोचियों के बीच गंभीर विवाद हो गया।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार विवाद के दौरान गोली चली, जिसमें एक व्यक्ति के घायल होने की जानकारी मिली है। घायल को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

जानकारी अनुसार बताया जा रहा है कि क्षेत्र में अवैध धान की खरीद-फरोख्त और खुलेआम कालाबाजारी की जा रही है। कोचियों द्वारा दूसरे जिलों से धान लाकर अवैध रूप से खपाने का काम लंबे समय से जारी है। इसी बात को लेकर आपसी टकराव की स्थिति बनी और मामला हिंसक हो गया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि अवैध धान के इस कारोबार पर अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से कोचियों के हौसले बुलंद हैं और शासन-प्रशासन इस पूरे मामले से बेखबर बना हुआ है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

सूत्रों के अनुसार पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।


अन्य पोस्ट