महासमुन्द

कलेक्टर ने किया आमाकोनी धान उपार्जन केंद्र का निरीक्षण
27-Dec-2025 3:52 PM
कलेक्टर ने किया आमाकोनी धान उपार्जन केंद्र का निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,27 दिसंबर। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कल बागबाहरा विकासखंड अंतर्गत आमाकोनी धान उपार्जन केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने धान खरीदी की समस्त व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए केंद्र प्रभारी एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम बागबाहरा नमिता मारकोले,समिति प्रबंधक,कर्मचारी एवं कृषकगण मौजूद थे।

कलेक्टर श्री लंगेह ने उपार्जन केंद्र में किसानों के पंजीयन,तौल प्रक्रिया, नमी परीक्षण, बारदाना उपलब्धता, स्टॉक संधारण एवं ऑनलाइन एंट्री की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने तौल कांटे की जांच कर उसकी शुद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखने कहा।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप धान खरीदी कार्य पारदर्शी, सुचारु एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न किया जाए। उन्होंने केंद्र में उपस्थित किसानों से चर्चा कर खरीदी प्रक्रिया, भुगतान एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया। कलेक्टर श्री लंगेह ने कहा कि उपार्जन केंद्रों में धान का अनावश्यक भंडारण न होने दिया जाए। उन्होंने मिलर्स एवं परिवहन एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर नियमित एवं तेज गति से धान उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ताकि बारिश अथवा अन्य कारणों से धान को नुकसान न हो। उन्होंने कहा कि जिन केंद्रों में उठाव की गति धीमी है, वहां तत्काल सुधार किया जाए तथा दैनिक प्रगति की सतत निगरानी की जाए।

          कलेक्टर श्री लंगेह ने कहा कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उल्लेखनीय है कि जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सुचारू रूप से जारी है। कल धान खरीदी का 29वां दिन था। धान खरीदी के लिए 22 दिन शेष है। अब तक जिले के 182 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से कुल 4217789.60 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। जिसमें मोटा धान 3439240.40 क्विंटल, पतला धान 198 क्विंटल एवं सरना धान 778351.20 क्विंटल खरीदा गया है। इसी प्रकार अब तक 729869.38 क्विंटल धान का उठाव कर लिया गया है।


अन्य पोस्ट