महासमुन्द
मेंटल मैथ्स चैलेंज, मैथ्स पोस्टर व मॉडल स्पर्धा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 दिसंबर। शासकीय कुलदीप निगम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नर्रा में सोमवार को महान भारतीय गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती (राष्ट्रीय गणित दिवस) के उपलक्ष्य में ‘सृजन विज्ञान क्लब’ के तत्वावधान में मेंटल मैथ्स चैलेंज, मैथ्स पोस्टर व मॉडल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के मन से गणित का भय दूर करना और विषय को रोचक बनाना था।
वरिष्ठ व्याख्याता भास्कर प्रसाद यादव ने भारत के गौरवशाली गणितीय इतिहास और श्रीनिवास रामानुजन के जीवन संघर्ष पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों को बताया कि गणित केवल अंकों का खेल नहीं है, बल्कि भूगोल, वाणिज्य और आधुनिक तकनीक जैसे हर क्षेत्र की आधारशिला है। उन्होंने भविष्य की नौकरियों और कौशल विकास में गणित की भूमिका पर भी विस्तार से जानकारी दी। गणित सप्ताह के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में नर्रा सहित आसपास के गांवों के स्कूलों से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान निम्नलिखित प्रतियोगिताएं आयोजित की गई।
मेंटल मैथ्स चैलेंज में छात्रों ने मानसिक योग्यता और रीजनिंग के कठिन प्रश्नों को हल किया। इस प्रतियोगिता मेंटल मैथ्स चैलेंज में छात्रों ने मानसिक योग्यता और रीजनिंग के कठिन प्रश्नों को हल किया। इस प्रतियोगिता के माध्यम से छात्रों के गणितीय कौशल और बुद्धिमता का परीक्षण किया गया। मैथ्स पोस्टर प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने चार्ट और पोस्टरों के माध्यम से गणितीय सिद्धांतों को दर्शाया। मॉडल प्रदर्शनी छात्रों ने बनाए गए गणित के रोचक वर्किंग मॉडल्स का प्रदर्शन स्कूल प्रांगण में किया गया, जिसे ग्रामीणों और पालकों ने भी सराहा।
कार्यक्रम के अंत में सभी विजयी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर प्राचार्य भूपेंद्र पडिय़ार, व्याख्याता पन्नालाल साहू, रतन लाल कोसरे, कामता प्रसाद साहू, दुर्गेश चंद्राकर, योगेश साहू, जागृति प्रजापति, अरविंद ठाकुर, कुलेश्वर चंद्राकर, सुखराम चंद्राकर, खगेश्वर साहनी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद थे।


