महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 19 दिसंबर। प्राथमिक शाला सलिहा भांठा के बच्चों ने गुरुवार को विद्यालय परिसर में हटरी लगाई। इसमें बच्चों ने बड़े ही उत्साह के साथ स्वयं से तैयारी करते हुए हटरी के लिए सामानों की व्यवस्था कर बेचा। कुछ बच्चों ने समूह में तो कुछ ने अकेले ही अपनी दुकान सजायी थी। इसमें बच्चों ने अपने बाड़ी की सब्जी, आलू-प्याज, भिंडी, केला, मूंगफली, मक्का भेल, गुलगुल भजिया, बड़ा, चाईनीज़ पकौड़े की दुकान लगाई थी।
गांव के लोगों ने इस हटरी में बढ़-चढक़र हिस्सा लिया और जमकर खरीददारी की। खाने वाले दुकान के पास लोगों की ज्यादा भीड़ रही। बच्चों की दुकानों से पूरा सामान बिक जाने के बाद भी गांव के लोगों का इस हटरी में आना जारी रहा। लोग बड़े ही उत्साह के साथ बच्चों के साथ मोल-भाव करते दिखे। कुछ पालक बच्चों की मदद भी करते देखे गए। बच्चे भी मजे के साथ हिसाब-किताब में जुड़े रहे। लोगों ने बच्चों से सामान खरीदने में अधिक पैसों की भी परवाह नहीं की। हटरी के समापन पर बच्चे अपनी मेहनत का फल पाकर बड़े खुश नजर आए। साथ ही पालकों ने भी अपने बच्चों जिम्मेदारी को देखकर काफी उत्साहित और गौरवान्वित महसूस किया। गांव के लोगों ने बच्चों से खूब खरीददारी की।
इस मौके पर शिक्षक रामेश्वर ढीढी, पिरीत राम साहू, बिसनी बाई दीवान, हेमलता ध्रुव, पंचराम ध्रुव, पूर्णिमा दीवान, धनेश्वरी निषाद, अभिषेक दीवान, गुलाब ध्रुव, आशाराम ध्रुव, भोजराम साहू सहित अन्य मौजूद थे।