महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 15 दिसंबर। शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य महाविद्यालय, महासमुंद के मनोविज्ञान विभाग द्वारा आज विद्यार्थियों में परीक्षा के दौरान तनाव को प्रभावी रूप से प्रबंधित करने के उद्देश्य से ‘परीक्षा की चिंता एवं तनाव प्रबंधन’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को तनाव के कारणों एवं उससे निपटने के व्यावहारिक उपायों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यशाला की मुख्य वक्ता डॉ. अंजना पुरोहित, शासकीय कला एवं वाणिज्य कन्या महाविद्यालय, रायपुर रहीं। उनके साथ डॉ. वैशाली एवं जयश्री पंचांगम भी अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की कला संकाय प्रमुख डॉ. रीता पांडेय के मार्गदर्शन में किया गया। मनोविज्ञान विभाग की अतिथि व्याख्याता सुश्री रेणुका साहू एवं सुश्री ममता साहू, प्रयोगशाला परिचारक सुश्री लक्षवंतिन जांगड़े तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
अपने उद्बोधन में डॉ. अंजना पुरोहित ने तनाव प्रबंधन पर महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए कहा कि समस्याओं से भागना समाधान नहीं है। उन्होंने विद्यार्थियों को तनाव के मूल कारणों की पहचान, उचित तैयारी, समय प्रबंधन, नियमित कक्षा उपस्थिति तथा पाठ्यक्रम की सही समझ विकसित करने पर बल दिया। साथ ही तनाव से निपटने के लिए योग, सकारात्मक जीवनशैली एवं नियमित नींद दिनचर्या अपनाने की सलाह दी गई।
कार्यशाला में अत्यधिक मोबाइल फोन उपयोग, लगातार स्क्रॉलिंग, डिजिटल निर्भरता के दुष्प्रभावों पर भी चर्चा की गई तथा विद्यार्थियों को डिजिटल डिटॉक्स एवं डिजिटल फास्टिंग अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।