महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,15 दिसंबर। तीन दिनी प्रवास पर नगर पहुंच रहे राष्ट्रवाद व हिन्दूत्व के प्रखर प्रवक्ता पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ठ 15 दिसंबर को सिरपुर का भ्रमण करेंगे और ऐतिहासिक महत्व के धरोहरों का अवलोकन करेंगे। तीन दिवसीय कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए सर्व हिन्दू समाज के देवेंद्र दुबे, भरत चंद्राकर, प्रमोद चंद्राकर, रितेश गोलछा, अग्रज शर्मा, संजय यादव, भरत साहू ने बताया कि पिछले 2 वर्षों से उन्हें यहां लाने के लिए प्रयास किया जा रहा था। जिसके फलस्वरूप तीन दिवसीय प्रवास का कार्यक्रम मिला है।
गौरतलब है कि श्री कुलश्रेष्ठ हिन्दूओं को संगठित करने और सनातन मूल्यों की रक्षा के लिए चिंतक के साथ ही विचारक के रूप में उनकी पहचान है। अपने व्याख्यानों के माध्यम से उन्हेंने राजनीतिक पाखंडियों को बेनाकाब करते रहे हैं।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए सर्व हिन्दू समाज के नेताओं ने बताया कि श्री कुलश्रेष्ठ भारतीय संविधान से अनुछेद 370 तथा 35 ए को हटाने के लिए भी निरंतर संघर्षरत रहे हंै। बताया कि 15 दिसंबर को सिरपुर भ्रमण के बाद रात्रि विश्राम सर्किट हाउस महासमुंद में करेंगे तथा रात 8 से साढ़े 10 बजे तक विभिन्न सामाजिक संगठनों से भेंट व चर्चा, 16 को सुबह 10 बजे पत्रकारों से मुलाकात करेंगे। पश्चात 10.40 से पौने 12 बजे तक विभिन्न सामाजिक संगठनों से मुलाकात करेंगे।
12 बजे कोसरंगी गुरूकुल आश्रम के छात्रों एवं अन्य महाविद्यालीन छात्रों को संबोधित करेंगे। उसी दिन शाम 5 बजे स्थानीय शंकराचार्य भवन में उनका उद्बोधन कार्यक्रम होगा। इसके बाद 17 दिसंबर को दिल्ली के लिए रवाना होंगे। पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब में बताया गया कि हिन्दुओं को संगठित करने और सनातन मूल्यों की रक्षा के लिए इस तरह के कार्यक्रम आयोजित होते रहेंगे।