महासमुन्द

सीजन का सबसे ज्यादा ठंड वाला दौर शुरू, न्यूनतम तापमान 10 डिग्री पर
14-Dec-2025 4:20 PM
सीजन का सबसे ज्यादा ठंड वाला दौर शुरू, न्यूनतम तापमान 10 डिग्री पर

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
महासमुंद, 14 दिसंबर।
महासमुंद जिला भयंकर ठंड की चपेट में है। इस माह दिसंबर के पहले सप्ताह के बाद से ही ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया था। अब न्यूनतम तापमान 10-11 डिग्री के करीब पहुंच चुका है। ठंड से जिले के लोग ठिठुरने लगे हैं। बचाव के लिए लोग अलाव का सहारा लेते रहे हैं। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में न्यूनतम तापमान में कमी के साथ ठंड और बढऩे की संभावना है। ऐसे में सीजन का सबसे ज्यादा ठंड वाला दौर शुरू होने की संभावना है।
दिसंबर महीने के दूसरे सप्ताह से न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। कल शनिवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहा। उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के चलते तापमान 4-5 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है। इसके कारण कोल्ड वेव से जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

खासतौर पर रात को तापमान और कम हो जाता है। अब आगामी सप्ताह में कंपाने वाली ठंड को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। जानकारी के अनुसार एक बार फिर शहर सहित अंचल में कोल्ड अटैक की स्थिति है। ठंड का असर सप्ताहभर से अधिक दिख रहा है। सुबह घना कोहरा छाने लगा है। शाम होते ही धीरे-धीरे सड़कें सूनी हो जाती हैं।

जिले के शहर की अपेक्षा ग्रामीण क्षेत्रों में ठंड का प्रभाव अधिक है। वातावरण में नमी की मात्रा घटने की संभावना है। इसलिए न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर शुरू हो सकता है। इसके 20 दिसंबर तक जारी रहने ेकी संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को आगाह किया गया है कि इस अवधि में न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री के आसपास गिरावट हो सकती है।
तापमान में अचानक गिरावट से विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों में श्वसन संबंधी गंभीर संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। इन प्रभावों से बचते के लिए स्थानीय प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को गर्म कपड़े पहनने, आवश्यकता पर ही बाहर निकलने और जरूरी हो तो स्वास्थय अधिकारी को सूचना देने की सलाह दी है।


अन्य पोस्ट