महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,11दिसंबर। जिले के ग्राम पंचायत सांकरा स्थित ओवर ब्रिज के पास श्याम नगर में चल रहे शिव महापुराण कथा में कल चौथे दिन कथावाचक आचार्य पं. रामानुज युवराज पांडेय ने बताया कि दक्ष, ब्रह्म देव के पुत्र और देवताओं के अग्रणी थे। सती, दक्ष प्रजापति और उनकी पत्नी प्रसूति की बेटी थीं। वे आदि शक्ति महादेवी का अवतार मानी जाती हैं। बचपन से ही सती भगवान शिव की अनन्य भक्त थीं। दक्ष प्रजापति भगवान शिव को आदरणीय नहीं मानते थे और उनकी साधारण जीवनशैली के कारण उन्हें अपनी पुत्री के लिए योग्य नहीं समझते थे। इसलिए दक्ष ने शिव से सती का विवाह करवाने से इनकार कर दिया। लेकिन माता सती ने अपने कठोर तप से भगवान शिव को प्रसन्न किया। इसके बाद दोनों का विवाह हुआ।
उन्होंने कहा कि शिव जितने भोले हैं उतने ही गुस्से वाले भी हैं। सोमवार का दिन भगवान शिव को समर्पित है। शिव जी को प्रसन्न करने के लिए लोग व्रत करते हैं। उनके प्रति सच्ची श्रद्धा रखी जाए तो भक्तों की हर कामना पूरी करते है। भगवान शिव ने सबसे पहले सती से विवाह किया था।
भगवान शिव के अपमान से नाराज हुईं यज्ञ में कूदकर सती ने आत्मदाह किया। इस घटना के बाद भगवान शिव तपस्या में लीन हो गए। उधर माता सती ने हिमवान के यहां पार्वती के रूप में जन्म लिया। जिनके साथ भगवान का मांगलिक कार्य पूर्ण हुआ।