महासमुन्द
किसानों ने मांगा मुआवजा, आरोपियों पर कार्रवाई की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 दिसंबर। महासमुंद जिले के पिथौरा ब्लॉक के ग्राम पंचायत जंघोरा में बदमाशों ने 5 एकड़ धान की फसल में आग लगा दी। घटना रविवार सुबह 11 बजे की बताई जा रही है। किसानों ने मुआवजा मांगा और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। मिली जानकारी के मुताबिक जंघोरा खार में धान की फसल से अचानक आग की लपटे तेज हुई तो लोग दौड़े। देखते ही देखते लपटें दूसरे खेत में फैल गई। किसानों ने आनन-फ ानन में स्पेयर से आग बुझाने की कोशिश की। ट्यूबवेल से भी आग बुझाने की कोशिश की लेकिन बिजली गुल होने से पानी नहीं मिला। फायर बिग्रेड को सूचना दी। वाहन के पहुंचने तक 5 एकड़ धान राख हो गया। जानकारी अनुसार धान की फसल में दिनदहाड़े आग लगाकर बदमाश फरार हो गए। परसापाली के किसान सुकालुराम ध्रुव ने मीडिया को बताया कि 100 बीड़ा धान खेत में था। रविवार को ले जाने की तैयारी थी। घटना में लक्ष्मीबाई ध्रुव, गिरवर, लाल सिंह, नारद ध्रुव, भगतराम ध्रुव, सतीश ध्रुव, जगसिंग ध्रुव और सुकालूराम ध्रुव की फसल को नुकसान हुआ। आगजनी की सूचना के बाद भी राजस्व टीम नुकसान का सर्वे करने नहीं पहुंची है। किसान भगतराम ध्रुव, सुकालुराम ध्रुव ने बताया कि उन्हें 2 लाख रुपए से ज्यादा का अधिक का नुकसान हुआ है। मुआवजा चाहिए।


