महासमुन्द

एक करोड़ की लागत से साल्हेभाठा-कमारडेरा सडक़ निर्माण का भूमिपूजन
05-Dec-2025 3:25 PM
एक करोड़ की लागत से साल्हेभाठा-कमारडेरा सडक़ निर्माण का भूमिपूजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बागबाहरा, 5 दिसंबर। ग्राम पंचायत तमोरा के आश्रित ग्राम साल्हेभाठा से कमारडेरा तक सडक़ निर्माण के लिए लगभग एक करोड़ एक लाख रुपये की स्वीकृति प्राप्त हुई है। खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने गुरुवार को सडक़ निर्माण कार्य के लिए भूमिपूजन किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। मुख्य अतिथि विधायक यादव ने कहा कि इस सडक़ से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन में सुविधा होगी और निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

भाजपा नेताओं ने भी किया भूमिपूजन, राजनीतिक विवाद

इसी सडक़ निर्माण कार्य को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच विवाद की स्थिति बनी।

भाजपा नेताओं ने कहा कि यह सडक़ प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत स्वीकृत है और स्वीकृति केंद्रीय एवं राज्य सरकार के माध्यम से मिली है। भाजपा नेताओं के अनुसार, क्षेत्रीय कांग्रेस विधायक द्वारा भूमिपूजन किए जाने की जानकारी मिलने पर भाजपा प्रतिनिधि गांव पहुंचकर ग्रामवासियों, सरपंच और पंचों की उपस्थिति में अलग से भूमिपूजन किया गया।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष अलका चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस इस कार्य की श्रेय लेने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अन्य सडक़ों के लिए भी राशि स्वीकृत की गई है। अलका चंद्राकर ने अधिकारियों और ठेकेदारों से कहा कि भाजपा सरकार द्वारा स्वीकृत कार्यों के भूमिपूजन में भाजपा जनों की उपेक्षा न की जाए।

कार्यक्रम में भाजपा के संगठन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।


अन्य पोस्ट