महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 नवंबर। शहर के अयोध्या नगर वार्ड 3 एवं 4 के नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर कल नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू से पालिका आकर मुलाकात की।
नागरिकों ने वार्ड में नाली, सीसी रोड, स्ट्रीट लाइट की समस्याएं बताई। साथ ही जल निकासी के लिए उपयुक्त व्यवस्था बनाने की मांग की। अध्यक्ष श्री साहू ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुनकर सभी समस्याओं के निराकरण के लिए आश्वस्त किया। उन्होंने संबंधित विभाग प्रभारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश देते हुए स्थल निरीक्षण कर सडक़, नाली सहित नागरिकों की सभी मांगों पर क्रियान्वयन शुरू करने निर्देशित किया।
अध्यक्ष श्री साहू ने कहा कि नागरिकों के मंशारूप शहर का विकास हो रहा है। वार्डों में जो भी समस्याएं हैं, उनका समाधान किया जाएगा। शहर में बड़ी नालियों का काम चल रहा है। विभिन्न वार्डों में सीसी रोड निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। आपके वार्ड का भी समुचित विकास होगा। जो भी समस्याएं आप लोगों ने बताई है, उसका समाधान शीघ्र किया जाएगा।
इस दौरान सीएमओ अशोक सलामे, लोक निर्माण विभाग के उप अभियंता सहित अयोध्या नगर के वार्ड वासी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।


