महासमुन्द

आत्मानंद विद्यालय में निबंध - रंगोली स्पर्धा
21-Nov-2025 2:57 PM
आत्मानंद  विद्यालय में निबंध - रंगोली स्पर्धा

महासमुंद, 21 नवंबर। स्थानीय नेहरू चौक स्थित स्वामी आत्मानंद हिंदी मीडियम आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महासमुंद में निबंध और रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं के रचनात्मक विकास के लिए यह आयोजन कराया गया।

 इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ.विमल चोपड़ा ने विद्यालय पहुंचकर प्रतियोगिताओं का निरीक्षण किया और प्रतिभागियों की कला और लेखन क्षमता की सराहना की। निरीक्षण के पश्चात छात्र.छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्होंने सिखों के नौवें गुरु, गुरु तेग बहादुर के जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी का जीवन अत्यंत साहसपूर्ण और शौर्यपूर्ण रहा है। यह वह बलिदानी जीवन है जिससे हम सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए।

डॉ. चोपड़ा ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से सिख समाज से सरदार छोटू चावला, प्रिंस चावला, विद्यालय के प्राचार्य एच.के.आचार्य, उपप्राचार्य चमनलाल चंद्राकर, हेमंत डड़सेना, नरेन्द्र सिंह सहित समस्त शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट