महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,14नवंबर। अविरल सितली-निर्मल सितली अभियान के तहत शहर के स्वाध्याय केंद्र में आयोजित बैठक में सितली नाला को स्वच्छ बनाने के साथ ही कायाकल्प करने का निर्णय लिया गया। बुधवार को स्वाध्याय केन्द्र में नागरिकों की बैठक आयोजित की गई। पूजा अर्चना पश्चात बैठक की शुरुआत हुई।
सर्वप्रथम पूर्व विधायक डॉ विमल चोपड़ा ने सितली नाला के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में सितली नाला अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहा है। कीचड़ के साथ ही गंदगी पसरी है। जिससे पचरी निर्माण का उपयोग नहीं हो पा रहा है। जबकि यह पहले जीवदायिनी रही है। शहर के लोग यहंा निस्तारी करते रहे हैं। पूर्व विधायक डॉ चोपड़ा ने कहा कि स्वाध्याय केंद्र समिति ने सितली नाला का कायाकल्प करने अविरल सितली.निर्मल सितली अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इसमें पूरे नगर वासियों का सहयोग लिया जाएगा। यहां पाथवे निर्माण के साथ हरियाली के लिए पौधरोपण व सितली नाला की सफाई कराई जाएगी। समिति इस अभियान को सफल बनाने तीन लाख का सहयोग करेगी। वे खुद एक लाख रुपए का सहयोग करेंगे। सितली नाला को सवारने करीब दो करोड़ के आसपास खर्च अनुमानित हैं। इसके लिए नागरिकों, समाज सेवी संस्थाओं से मदद लेने के साथ ही शासकीय सहयोग लिया जाएगा। अभियान में सहयोग करने वालों का नाम शिलालेख में उल्लेख किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि समाजसेवी अशोक चौरडिय़ा की स्मृति में यह अभियान चलाया जाएगा। सितली नाला में तकनीकी कार्यो के निर्माण के एक टीम बनाई जाएगी। जिसमें इंजीनियरों को शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान पूरी तरह से गैर राजनीतिक है और इसमें सभी का आमंत्रित करने के साथ ही उनका सहयोग लिया जाएगा।
स्वाध्याय केंद्र समिति के पूर्व अध्यक्ष भूपेंद्र राठौड़ ने कहा कि इस अभियान में पूरे नगरवासियों को जोड़ा जाएगा। समिति ने सितली नाला को संवारने जो संकल्प लिया है, उसे जनसहयोग से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बैठक में उपस्थिति देकर जो संबल प्रदान किया है उससे यह अभियान सफल होगा।
नगर पुरोहित पं.पंकज तिवारी ने धर्म शास्त्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि जलाशय का संरक्षण करना एक यज्ञ के पुण्य के बराबर माना गया है। धरोहरों को सहेजना हमारा कर्तव्य है। इस अभियान में उत्साह के साथ योगदान देना होगा।
उद्योगपति पारस चोपड़ा ने कहा कि यह अभियान वरदान साबित होगा। इस अभियान में जनभागीदारी आवश्यक है। उन्होंने अभियान की सफलता के लिए एसोशिएशन की ओर से सहयोग करने की बात कही।
पत्रकार संजय डफले ने अभियान चलाने से पूर्व सीमांकन का सुझाव दिया। पार्षद पीयूष साहू, सीता तोंडेकर, प्रतिनिधि मनीष शर्मा, राजू चंद्राकर ने पार्षद निधि से अभियान में सहयोग करने की घोषणा की। पूर्व पार्षद महेंद्र जैन, तिलक साव, ग्राम खैरा सरपंच प्रांशु चंद्राकर, देवेन्द्र दुबे, ऋषि चंद्राकर, त्रिलोकचंद सांखला, छन्नू साहू, टेकराम सेन ने भी अभियान की सफलता के लिए सुझाव देते हुए अपनी बात रखी। बैठक का संचालन मोहन साहू ने तथा आभार प्रदर्शन स्वाध्याय केंद्र समिति के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत पाणिग्रही ने किया।
बैठक में प्रमुख रूप से महेश चंद्राकर, घनश्याम सोनी, चंद्रशेखर साहू, गोवर्धन प्रधान, तिलक साव, राजेश लुनिया, भूपेश पोपट समेत शहर के सैकड़ों लोग उपस्थित थे।


