महासमुन्द

धान की फसल पर अब सूक्ष्म मकड़ी का प्रकोप
02-Nov-2025 3:55 PM
धान की फसल पर अब सूक्ष्म मकड़ी का प्रकोप

 भूरा माहो, शीथ ब्लाइट से पहले ही टूटी किसानों की कमर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 महासमुंद, 2 नवंबर। मौसम की मार के अलावा भूरा माहों के प्रकोप से जूझ रहे किसानों के लिये अब एक नई आफत सामने आ रही है। जिला मुख्यालय सहित अंचल भर में धान की फसल पर अब पेनिकल माइट (सूक्ष्म मकड़ी) का प्रकोप शुरू हो चुका है। पहले ही भूरा माहो और शीथ ब्लाइट जैसे बीमारियाँ किसानों की कमर तोड़ चुकी है। अब रही-सही कसर पेनिकल माइट पूरी करने पर तुली हुई है।

हालात यह है कि फसलें काटने के लिये तैयार होने के बाद भी किसान फसल नहीं काट पा रहे हैं। खेतों में अब भी नमी अधिक होने की वजह से हार्वेस्टर नहीं चल पा रहे हैं। ऐसे में किसानों को नमी सूखने का इंतजार करना पड़ रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार अंचल में 30 फीसदी फसल पर पेनिकल माइट कीट (मकड़ी) का कहर है। जबकि, 25 से 30 फीसद फसल मौसम की मार की वजह से जमींदोज हो गई है। यानी किसानों को इस बार चौतरफा मार पड़ रही है। जानकारी के मुताबिक इस बार खरीफ सीजन की शुरूआत में बारिश विलंब होने की वजह से बागबाहरा, कोमाखान तथा बसना सरायपाली क्षेत्र में किसानों को काफी परेशानियां हुई।

 मानसून आने के बाद किसान बीज का छिडक़ाव कर किया,कुछ ने रोपा लगाया। इसके बाद फिर मानसून 10-15 दिनों के लिये दंतेवाड़ा के सरहदी क्षेत्र में अटका रहा। किसानों की स्थिति बुरी हो गई इसके बाद जैसे-तैसे विलंब ही से बारिश शुरू होने के बाद अतिवृष्टि बाढ़ जैसे हालातों से किसानों को जूझना पड़ा। इसमें खासतौर पर साग-सब्जियों वाली फसल फार्म हाउसों में ही बर्बाद हो गई।

अब जब किसानों की फसल तैयार है तब भी मौसम विचित्र है। किसान नेता जुगनू चन्द्राकर ने बताया कि मानसून विदाई के बाद मेंथा चक्रवात ने अंचल में बदली बारिश की है। ऐसे में किसानों की फसल खेतों में खड़ी हुई है। यदि, इसकी शीघ्र कटाई नहीं की गई तो अचानक होने वाली बारिश खड़ी फसल के लिये नुकसान साबित होगी।

 

 इधर खेतों में नमी की वजह से हार्वेस्टर नहीं चल पा रहा है। इधर खेतों में नमी की वजह से हार्वेस्टर नहीं चल पा रहा। यदि, चैन हार्वेस्टर से फसल कटाई करेंगे तो फसल की लागत मूल्य बढ़ जायेगी। कुल मिलाकर इस बार किसानों को सभी ओर से मार पडऩे लगी है। इस बार जो मकड़ी धान को नुकसान पहुंचा रही है वह पेनिकल माइट्स है जो एक प्रकार का सूक्ष्म की है और धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचाता है। यह धान की बालियों से रस चूसता है, जिससे बालियां बदरंग हो जाती हैं, दानों का विकास रुक जाता है और उपज में कमी आती है। ये कीट पौधे के रस का भोजन करते हैं और इसके कारण दानों में फफूंद का संक्रमण हो जाता है।

इस संबंध में कृषि विभाग के उप संचालक एफ.आर. कश्यप ने बताया कि फसलों पर पेनिकल माइट कीट अक्सर मौसम की वजह से होता है। ये सूक्ष्म कीट होते हैं। इसे अपने मोबाइल की स्क्रीन पर धान की बालियों को झड़ाकर देखा जाता है। नग्न आंखों से इसे देखना थोड़ा मुश्किल भी होता है। इससे निबटने के लिये किसानों को माइक्रोसाइड का छिडक़ाव की सलाह दी जा रही है।


अन्य पोस्ट