महासमुन्द

गन्ने का मंडप सजाकर किया तुलसी और शालिग्राम का विवाह, सुख-समृद्धि की कामना
02-Nov-2025 3:37 PM
गन्ने का मंडप सजाकर किया  तुलसी और शालिग्राम का विवाह, सुख-समृद्धि की कामना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 2 नवंबर। जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण अंचल में शनिवार को देवउठनी एकादशी का पर्व मनाया गया। हर घर में विधि-विधान के साथ गन्ने का मंडप सजाकर भगवान शालिग्राम और तुलसी का विवाह कराया गया। मान्यता है कि तुलसी विवाह से ही देवी देवता जागते हैं और बेटी स्वरूपा मान कर तुलसी का विवाह कराया जाता है। तुलसी विवाह करते हुए सुख-समृद्धि की कामना की जाती है।

हर साल कार्तिक मास की शुक्लपक्ष एकादशी को तुलसी विवाह की परंपरा है। चार माह के विश्राम के बाद क्षीर सागर में विश्राम कर रहे भगवान विष्णु जागते हैं। नगर पंडित पंज तिवारी ने बताया कि तुलसी विवाह से ही मांगलिक कार्यों का सिलसिला शुरू होता जाता है।

इस दिन दीपोत्सव की तरह देवउठनी एकादशी को तुलसी विवाह की तरह मनाए जाने की परंपरा है। घर में रंगोली सजा कर पूजा अर्चना की गई। घरों में चावल का घोल तैयार कर उसमें अल्पना व कुशियारी चौक बनाया गया। इसके बाद रात में दीपावली की तरह दीप सजाकर तुलसी विवाह किया गया। इसके बाद भगवान श्रीविष्णु की आरती की गई। विधि विधान से पूजा उपासना के बाद प्रसाद वितरित किया गया। तुलसी को मां लक्ष्मी के रूप में माना जाता है, इसलिए मां लक्ष्मी का स्मरण करते हुए पूजा की गई।

 

शहर में भी कल शनिवार को हरि प्रबोधिनी एकादशी को दीपावली जैसा माहौल रहा। लोगों ने दीपावली की तरह अपने घरों के मुडेरों पर दीया व झालर लगाकर ज्योति पर्व मनाया। परंपरानुसार जिनके घर दीपावली को किन्हीं कारणों से दीप नहीं जलाए जाते वे एकादशी को दीपोत्सव मनाते हैं। जब किसी के घर दीपावली के दिन किसी सदस्य की मृत्यु हो जाती है तो उसी समय से दीपावली नहीं मनाई जाती। ऐसे लोग देवोत्थान एकादशी के दिन दीपावली की तरह दीया जलाते हैं। तुलसी पूजन के लिए शनिवार को घर के आंगन या छत पर शाम को गन्ने का मंडप बनाया गया। उसी मंडप में तुलसी का पौधा व भगवान विष्णु का चित्र या प्रतिमा रख कर पूजन किया गया। तुलसी पूजन का कार्य शाम को किया गया। महिलाओं ने तुलसी व शालिग्राम का विवाह संपन्न कराया। विवाह के दौरान मांगलिक गीत गाए। वैसे देवोत्थान एकादशी से लेकर कार्तिक पूर्णिमा तक तुलसी पूजन किया जाता है।

देवउठनी एकादशी पर्व में गन्ने का विशेष महत्व माना जाता है, इसलिए बाजार में लाल, सफेद गन्ने बिकने के लिए आए। जगह जगह गन्नों की ढेरियां लगी। श्रद्धालुओं ने मंडप बनाने के लिए गन्ने की खरीदारी की। सफेद और लाल कांदा भी खूब बिका। इस बार ग्रामीण अंचल के गन्ने की मांग ज्यादा रही। शाम को किसानों ने गन्ने के खेत में धान पूजन किया। कहीं-कहीं सुबह ही धान पूजन किया गया।


अन्य पोस्ट