महासमुन्द

कलमीदादर में नया धान खरीदी केंद्र, विरोध में किसानों का प्रदर्शन
01-Nov-2025 3:42 PM
कलमीदादर में नया धान खरीदी केंद्र, विरोध में किसानों का प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,1नवम्बर। धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होने वाली है। बागबाहरा ब्लॉक के तेंदूकोना धान खरीदी केंद्र में किसानों की मांग पर चार गांवों के ग्रामीणों के लिए नया खरीदी केंद्र ग्राम कलमीदादर में स्थान स्वीकृत हुआ है। गांवों से अधिक दूरी में केंद्र बनाने पर ग्राम डोकरपाली, टूरीझर और बांदूमुडा के किसानों ने नए धान खरीदी केंद्र के लिए बंदूमुडा को बनाए जाने की मांग को लेकर शुक्रवार को 100 से अधिक संख्या में तेंदूकोना खरीदी केंद्र में प्रदर्शन किया।

ग्राम डोकरपाली के सरपंच जितेंद्र साहू ने बताया कि तीनों गांवों के किसानों ने सबसे बीच बांदूमुडा को ही धान खरीदी केंद्र बनाने की मांग कर रहे हैं। नवीन धान खरीदी केंद्र के लिए 4 गांवों के किसानों में से 3 गांव के किसानों को बीच में रखेंगे, बोला गया था। जैसे ही कलमीदादर को नवीन समिति घोषित किया गया तब बाकी 3 गांव के किसानों को स्थल को लेकर बीच में रखने मांग की गई।

किसानों का कहना है कि अगर 4 गांव के बीच बांदूमुडा में धान खरीदी केंद्र नहीं बनाया जाएगा तो हम 3 गांवों के किसानों का धान पूर्ववत तेंदूकोना धान खरीदी केंद्र में ही खरीदा जाए। किसानों का कहना है कि कलमीदादर तीनों गांव से दूर स्थित है। लिहाजा तीनों गांवों के बीच में खरीदी केन्द्र बनाया जाए।

किसानों ने चारों गांव के मध्य क्षेत्र में चारीदी केंद्र की मांग की थी। इससे नजदीक तो तेंदूकोना खरीदी केंद्र है। किसान तेंदूकोना में धान बेचने के लिए तैयार हैं लेकिन कलमी दादर में नहीं।

खरीदी को लेकर किसानों से करेंगे चर्चा -सहकारी बैंक शाखा प्रबंधक

तेंदुकोना जिला सहकारी बैंक के शाखा प्रबंधक श्रवण कुमार ठाकुर ने बताया कि ग्राम कलमीदादर को समिति बनाने का आदेश आया है। बाकी धान खरीदी केंद्र स्थल अभी फाइनल नहीं हुआ है। उन्होंने किसानों की मांग को तुरंत जिला नोडल अधिकारी को अवगत भी करवाया। इस पर जिला नोडल अधिकारी अविनाश शर्मा ने धान खरीदी केंद्र स्थल को लेकर किसानों से सार्थक चर्चा करने की बात कही।


अन्य पोस्ट