महासमुन्द

159 पेड़ों की अवैध कटाई के आरोप में गिरफ्तार महिलाओं में पंच, मितानिन, आंगनबाड़ी सहायिका भी शामिल
31-Oct-2025 4:26 PM
159 पेड़ों की अवैध कटाई के आरोप में गिरफ्तार महिलाओं में पंच, मितानिन, आंगनबाड़ी सहायिका भी शामिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 31अक्टूबर। वन विकास निगम के सिरपुर परिक्षेत्र के कक्ष क्रमांक 80 में 159 पेड़ों की अवैध कटाई आरोप में वन विकास निगम अमले ने महासमुंद ब्लॉक के ग्राम रायकेरा के मांझी सेना के 23 लोगों को गिरफ्तार किया है।  गिरफ्तार महिलाओं में कुछ महिलाएं पंच,मितानिन, आंगनबाड़ी सहायिका भी शामिल हंै। सभी के खिलाफ  वन अधिनियम के तहत कोर्ट में पेश किया गया।

इस मामले में ग्रामीणों का कहना है कि वे अपने बच्चों के भविष्य को देखते गांव से नया रास्ता बनाने के लिए जंगल से लकड़ी नहीं बल्कि पौधों को काटकर रास्ता बनाए हैं।

मालूम हो कि बीते दिनों वन विकास निगम के सिरपुर जंगल में कब्जा के उद्देश्य से ग्राम पंचायत मरौद के आश्रित ग्राम रायकेरा के मांझी सेना के सदस्यों ने कब्जा करना शुरू कर दिया था। वन अमले की जानकारी में नहीं होने के कारण इन्होंने धीरे.धीरे कब्जा करने का दायरा बढ़ा दिया। छह माह पहले मरौद के ग्राम प्रमुखों ने इन्हें वन भूमि में कब्जा करने पर आपसी बैठक कर समझाईश दी थी। बावजूद ये उनकी बातों को अनदेखी कर जंगल में कब्जा करते चले गए।

सहायक वन परिक्षेत्र अधिकारी चंद्रहास साहू ने बताया कि वन विकास निगम के कक्ष क्रमांक 80 आरक्षित क्षेत्र में आता है। यहां कई प्रजाति के हरे भरे पेड़ पौधे हैं। यहां कई प्रजाति के हरे भरे पेड़ पौधे हैं। इसमें लगे 159 मिश्रित पौधे नीलगिरी, सेनहा, कर्रा सहित अन्य पेड़ों को रायकेरा के कुछ लोगों ने अवैध रूप से काटा और लगभग 2.33 हेक्टेयर में साफ.सफाई कर मेड़ भी बना लिया। इसे लेकर ग्रामीणों सहित वन अमले ने भी समझाया था। पर अवैध कटाई करने वाले नहीं माने। उन्हें समझाइश दी गई थी कि यह वन क्षेत्र है वन्य प्राणियों के लिए आरक्षित है। यहां कई प्रकार के हिंसक वन्य प्राणी हैं। इसके बाद भी इन्होंने किसी की नहीं सुनी। बुधवार को रायकेरा के 23 मांझी सेना के लोगों को वन अमले ने गिरफ्तार कर जिला न्यायालय महासमुंद में पेश किया है।

 

गिरफ्तारों में 20 महिला और तीन पुरुष शामिल हैं। बुधवार को प्रकरण बनाकर न्यायालय में पेश किया गया। वन विकास निगम प्रकरण से गिरफ्तार महिलाओं में कुछ महिलाएं पंच,मितानिन, आंगनबाड़ी सहायिका भी शामिल है।

चंद्रहास साहू ने बताया कि सिरपुर के कक्ष 80 में अवैध तरीके से प्रवेश कर अतिक्रमण का प्रयास किया गया है। 159 पौधों को सफाई कर नुकसान पहुंचाया गया है। भारतीय वन अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। अग्रिम कार्रवाई जारी है। जबकि मांझी सेना के लोगों का कहना है अपने बच्चों के भविष्य व खेती के लिए मेड़ बनाया गया है। कब्जा करने वाले लोग 2 साल पहले कब्जा छोड़ चुके थे। हमने छोटे-छोटे पौधों को सफाई की थी। जंगल में हमने भी कई फलदार पौधे भी लगाए गए हैं।


अन्य पोस्ट