महासमुन्द

चक्रवाती तूफान मोंथा से खड़ी फसलें तबाह
31-Oct-2025 1:27 PM
चक्रवाती तूफान मोंथा से खड़ी फसलें तबाह

 उपज बचाने में पीछे रह गए किसान, ज्यादातर खेतों में भरा पानी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 31 अक्टूबर।
चक्रवाती तूफान मोंथा ने किसानों की कड़ी मेहनत से तैयार खड़ी फसलों को तबाह कर दिया है। राजनांदगांव जिले में मोंथा का प्रतिकूल असर रहा। नतीजतन कई खेतों में मूसलाधार बारिश से फसलें पानी में डूबी हुई है। वहीं कुछ किसानों ने जल्द पकने वाली धान को काटकर ढुलाई के लिए तैयार किया था। इससे पहले बेमौसम बारिश ने उपज को बर्बाद कर दिया है।
बताया जा रहा है कि बीमा कंपनियां नुकसान को लेकर सर्वे कर रही है। इस संबंध में जिला कृषि उप संचालक टीकम ठाकुर ने ‘छत्तीसगढ़’ से कहा कि किसानों को हुए नुकसान का पता लगाने बीमा कंपनी सर्वे कर रही है। इसके अधार पर क्षतिपूर्ति राशि किसानों को दी जाएगी।

कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने भी तत्काल बीमा कंपनियों को सर्वे के पश्चात 25 प्रतिशत राशि किसानों को देने के निर्देश दिए हैं।
इस बीच पिछले दो दिनों से जिले में रूक-रूककर बारिश होने से पकी हुई धान की फसलों पर जबर्दस्त नुकसान पहुंचा है। किसान खड़ी फसलों को झुकते देखकर परेशान हो गए हैं। कई खेतों में पानी भरने से खड़ी फसलों की कटाई करना संभव नहीं है। मौसम विभाग ने अगले एक-दो दिन बदली छाने और बारिश होने का अंदेशा जताया है। एक जानकारी के मुताबिक राजनंादगांव जिले में खरीफ की प्रमुख फसल धान की एक लाख 70 हजार हेक्टेयर में बुआई की गई थी। ऐसा अंदेशा है कि लगभग 40 प्रतिशत धान की फसलें खराब हो गई है।  किसानों के माथे पर नुकसान की चिंता स्वभाविक रूप से उभरकर सामने आई है। खराब मौसम के चलते किसानों को अपनी उपज बचाने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिला।

मंगलवार देर रात से बारिश का सिलसिला शुरू हुआ। बुधवार और गुरुवार को भी फुहारे पड़ी। जिसके चलते धान की फसल पूरी तरह से चौपट हो गई। कई किसानों को उपज बचाने के लिए प्लास्टिक कवर लगाते देखा गया। इसके बावजूद खेत में पड़ी  उपज को बचाने में किसान पीछे रह गए। जिले में लगातार आज भी मौसम खराब रहा। चक्रवाती मोंथा ने इस साल किसानों को फसल से मिलने वाले फायदे से नुकसान की ओर ढकेल दिया।
 


अन्य पोस्ट