महासमुन्द

महासमुंद: उज्ज्वला गैस कनेक्शन के लिए लक्ष्य से दोगुना आवेदन
30-Oct-2025 3:05 PM
महासमुंद:  उज्ज्वला गैस कनेक्शन के लिए लक्ष्य से दोगुना आवेदन

 5 हजार 360 हितग्राहियों का लक्ष्य,  11 हजार आवेदन मिले

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 30 अक्टूबर। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने महासमुंद जिले में उज्ज्वला गैस कनेक्शन के लिए 5 हजार 360 हितग्राहियों के लिए लक्ष्य जारी किया है। जबकि सुशासन तिहार में ही करीब 11 हजार आवेदन खाद्य विभाग में आ चुके हैं। योजना का लाभ लेने वालों की संख्या दोगुनी हो गई है।

उज्जवला योजना पोर्टल को 19 माह बाद शुरू किया गया है। पोर्टल के बंद होने से नए हितग्राहियों को काफ ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब इस योजना के तहत गैस कनेक्शन नि:शुल्क जारी किया जाता है। कनेक्शनधारियों को प्रति रिफिल 365 रुपए सब्सिडी दी जाती है। सामान्य कनेक्शनधारियों को 67 रुपए सब्सिडी मिलती है। वर्तमान में प्रति रिफिल एक हजार रूपए खर्च करना पड़ता है। जिसे देखते हुए योजना के तहत कनेक्शन पाने वाले एक अच्छी रकम बचा लेते हैं। जानकारी के अनुसार आवेदन करने वालों का ब्यौरा खाद्य विभाग संबंधित डीलरों को भेज देता है। बताया जा रहा है कि कई आवेदन डीलरों के पास आये थे।

     मालूम हो कि जिले में उज्ज्वला योजना के तृतीय चरण के तहत आवेदन लेने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। पूरे प्रदेश के लिए 34 हजार 425 परिवारों को योजना का लाभ देने का आबंटन मिला है। आबंटन डेढ़ सालों से नहीं मिलने की वजह से बीते माह ही 8588 आवेदन खाद्य शाखा में जाम हुए थे। अब इन आवेदनों की जांच के बाद पात्र हितग्राहियों को कनेक्शन प्रदान किया जाएगा। जानकारी के अनुसार खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने 17 अक्टूबर को नए गैस कनेक्शनों को लेकर आदेश जारी किया है।

सुशासन तिहार के दौरान उज्जवला के नये कनेक्शन के लिए हजारों आवेदन मिले थे। इसके बाद से ही उज्जवला पोर्टल बंद हो गया।

     खाद्य विभाग महासमुंद से मिली जानकारी के अनुार आवेदनों की संख्या को देखते हुए अनेक बार इस संबंध में पत्राचार किया। लेकिन न ही इस संबंध में कोई जानकारी मिल पा रही थी और न ही कोई शासन की ओर से अपडेट आ रहा था। लक्ष्य मिलने की जानकारी के बाद अब ऑफलाइन आवेदन के लिए भी महिलाएं पहुंच रही हैं। गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाली महिलाओं को केंद्र सरकार मुफ्त कनेक्शन देगी। केंद्र अब तक दो चरण में योजना के तहत सिलेंडर वितरण कर चुकी है। उज्ज्वला योजना का प्रथम चरण 2016 में दूसरा चरण 2023 में शुरू हुआ था। दूसरे चरण में इसके लिए मार्च 2024 तक आवेदन जमा किए गए थे। अधिक आवेदन आने के बाद हितग्राहियों को फ्री में कनेक्शन जारी किया गया था। इसके बाद मार्च- 2024 के बाद से पोर्टल बंद कर दिया गया।


अन्य पोस्ट