महासमुन्द
महासमुंद, 30 अक्टूबर। ग्राम मुनगासेर में दीपावली के दौरान हुई एक गौ-हत्या की घटना को लेकर ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से जांच और कार्रवाई की मांग की है।जानकारी के अनुसार, 22 अक्टूबर को गोवर्धन पूजा के दिन सडक़ किनारे एक मृत गाय मिली थी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पंचायत और पुलिस को दी थी। ग्रामीणों का आरोप है कि जांच में लापरवाही बरती गई।
बुधवार को सर्व हिन्दू समाज, बजरंग दल और धर्म जागरण समिति ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया कि गांव के एक मुस्लिम परिवार द्वारा भोज के दौरान गौ-हत्या की गई और हिन्दू परिवारों को उस भोज में आमंत्रित किया गया। उनका कहना है कि इस घटना से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
संगठनों ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने मामले की जांच को गंभीरता से नहीं लिया और जांच दलों द्वारा साक्ष्यों की अनदेखी की गई। उनका कहना है कि फॉरेंसिक और पशु चिकित्सा टीम की जांच के दौरान उठे संदेहों पर ध्यान नहीं दिया गया। ग्रामीणों ने मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि कार्रवाई नहीं की गई, तो स्थानीय स्तर पर विरोध किया जा सकता है।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका।