महासमुन्द
लखोली में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच व स्वैच्छिक रक्तदान शिविर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,28अक्टूबर। समाज में स्वास्थ्य जागरूकता और सेवा भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 1 सीजी नेवल एनसीसी रायपुर द्वारा बैटर भारत फाउंडडेशन रायपुर के सहयोग से एनसीसी प्रशिक्षण केंद्र, लखोली में एक नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर एवं स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स, स्थानीय नागरिक, स्वयंसेवी संगठन और चिकित्सा विशेषज्ञ उपस्थित रहे। शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कमांडिंग ऑफिसर 1 सीजी नेवल एनसीसी रायपुर लेफ्टिनेंट कमांडर पी अनिरुद्ध ने किया। उक्त शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की टीम ने नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच सेवाएं प्रदान कीं। जिनमें ब्लड प्रेशर,शुगर, हीमोग्लोबिन, बीएमआई, आंखों, स्त्री रोग, मानसिक रोग,नेत्र रोग एवं दांतों की जांच सहित सामान्य स्वास्थ्य परामर्श शामिल था। स्वास्थ्य जांच के साथ.साथ स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। जिसमें एनसीसी कैडेट्स, स्थानीय युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान लगभग 150 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य जांच करवाई एवं रक्त एकत्र किया गया। सभी रक्तदान करने वाले स्वयंसेवकों को बैटर भारत फाउंडेशन की ओर से प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। एनसीसी कैडेट्स द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के प्रति जनजागरूकता रैली एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन भी किया गया। उक्त कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सहयोग के महत्व से अवगत कराना था।
रविवार की सुबह लगभग 11बजे कार्यक्रम का शुभारंभ कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट कमांडर पी अनिरुद्ध की उपस्थिति में किया गया। उद्घाटन सत्र में यूनिट के प्रशिक्षकों ने स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह मिशन केवल सरकार की पहल नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि हर व्यक्ति अपने आसपास की स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लें तो पूरा देश स्वच्छ और स्वस्थ बन सकता है। इसके पश्चात एनसीसी कैडेट्स ने उत्साह और अनुशासन के साथ जन.जागरूकता रैली निकाली। रैली लाखोली, रींवा और कुकरा गांव के प्रमुख मार्गों, विद्यालय परिसर, ग्राम पंचायत भवन और सार्वजनिक स्थलों से होकर गुजऱी। ग्रामीणों, बच्चों और महिलाओं ने भी इस रैली का स्वागत करते हुए स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। रैली के बाद कैडेट्स ने लाखोली गांव के तालाब परिसर में स्वच्छता अभियान का संचालन किया। इस दौरान तालाब के चारों ओर फैले प्लास्टिक कचरेए सूखे पत्तों, बोतलों और अन्य अपशिष्ट को हटाया गया। कैडेट्स ने पानी की शुद्धता बनाए रखने, तालाबों की नियमित सफाई करने और जल स्रोतों के संरक्षण के महत्व पर ग्रामीणों को जागरूक किया।