महासमुन्द
ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर ने एनसीसी छात्र सैनिकों का बढ़ाया उत्साह
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 अक्टूबर। मुख्यालय रायपुर के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर डीके पत्रा की अगुवाई में लेफ्टिनेंट कमांडर पी अनिरूद्ध, कमान अधिकारी 1 सीजी नेवल युनिट एनसीसी रायपुर के नेतृत्व में पाल नौकायान शिविर कोडार जलाशय महासमुन्द में शुरू किया गया है।
इस पाल नौकायान अभ्यास सेलिंग एक्स्पीडिशन शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में ग्रुप मुख्यालय रायपुर के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर डीके पत्रा ने शिविर का शुभारंभ करते हुए पाल नौकायान सेलिंग एक्स्पीडिशन शिविर को हरी झंडी दिखाकर उद्घाटन किया।
शिविर में आये एनसीसी छात्र सैनिकों का उत्साहवर्धन किया गया एवं उनके भविष्य के लिए शुभाकामनाएं दी गईं तथा नौकायान का आनंद लिया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर के आयोजन से छात्र सैनिकों में नेतृत्व एवं साहसिक गुणों का विकास होता है। जिससे आगे चलकर वे भविष्य में एक अच्छे और देशभक्त नागरिक बनते हैं। व्यक्तित्व विकास के लिए एनसीसी विभाग बधाई के पात्र है।
ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ एवं मध्य प्रदेश से आये हुए कुल 60 छात्र सैनिकों, जिनमें सीनियर डिविजन एवं सीनियर विंग दोनों शामिल हैं, ने मिलकर लगभग 30 किलोमीटर पाल नौकायान से दूरी तय की। दस दिनों तक चलने वाले इस शिविर में प्रतिदिन विभिन्न गतिविधियों का आयोजन निर्धारित है।