महासमुन्द
15 से शुरू होने वाली है धान खरीदी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26अक्टूबर। आगामी 48 घंटे के भीतर मौसम वैज्ञानिकों ने एक बार फिर गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। शनिवार की सुबह से ही इसका असर देखा जा रहा है।
इधर ऐसे ही किसान शीत ब्लाइट और भूरा माहो के प्रकोप से हलाकान हैं। दरअसल दशहरा के बाद से बारिश थमने के बाद उमस जैसी स्थिति है। रात में शीत बरसता है। इसमें भूरा माहो का प्रकोप बढ़ गया है। खेतों में खड़ी फसल को अब भूरा माहो चट कर रहे हैं। खासतौर पर मचेवा, बरोंडा बाजार, लाफिन, लभरा, शेर सहित जिला मुख्यालय से दर्जन भर ग्रामों माहो का अटैक देखा जा रहा है। किसान दवाएं छिडक़-छिडक़ कर हलाकान हो चुके हैं। भूरा माहो के प्रकोप का इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि वाहन चलाते समय अब ये खेतों के कीट राहगिरों की आँखों में आ रहे हैं।
इससे उलट आसमान पर बदली देखी जा रही है। आमतौर पर दीपावली के बाद बारिश को शत-प्रतिशत विदाई माना जाता है। लेकिन, इस बार कड़ाके की ठंड के सीजन में बारिश अलर्ट की सूचना ने सभी को आश्चर्य में डाल दिया है। वैज्ञानिकों की चेतावनी के बाद से किसानों के चेहरे पर अब चिंता की लकीरें हैं। बता दें कि अर्ली वेरायटी के धान खेतों में पककर तैयार हो चुके हैं। अब किसानों द्वारा इसके काटने की तैयारी की जा रही है। आमतौर पर दीपावली के बाद किसान पूरी तरह से कटाई के लिये जुटते हैं। इसके पूर्व अचानक मौसम में बदलाव ने किसानों को चिंता में डाल दिया है।
मालूम हो कि किसान इस बार जैसे-तैसे संघर्ष कर अपनी फसल को पकने तक बचा लिया। लेकिन, अचानक बदले मौसम की वजह से किसान सोचने मजबूर हैं। अर्ली वेरायटी की फसल खेतों में खड़ी है। यदि अचानक बारिश हुई तो फसल जमींदोज हो सकती है। इस बार दूशहरा तब बारिश ने किसानों को हलाकान किया। इसके बाद यह माना जा रहा था कि अब बारिश नहीं होगी। लेकिन अब फिर चक्रवाती तूफान आंखें दिखा रहा है।