महासमुन्द
सरायपाली से ट्रक में ईंटें लेकर गया था विशाखापट्टनम
मृतक का मोबाइल लूटा था, इसकी लोकेशन से धरे गए आरोपी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 अक्टूबर। विशाखापट्टनम पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज की मदद से कम समय में ड्राइवर के अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली। सरायपाली से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए अपने साथ विशाखापट्टनम ले गई है।
बसना थाना क्षेत्र के ग्राम भूकेल में एक ट्रक ड्राइवर मेराज हुसैन की विशाखापट्टनम में बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। यह घटना 12 अक्टूबर की रात की बताई जा रही है, जब दो लोगों ने सूनसान स्थान पर रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी और मोबाइल लेकर फरार हो गए। दो दिन तक ट्रक एक ही स्थान पर खड़ा रहने, ड्राइवर का मोबाइल बंद बताने से मालिक को शक हुआ।
जीपीएस लोकेशन से जानकारी मिलने पर उसने विशाखापट्टनम के ट्रांसपोर्टर को ट्रक की स्थिति जानने के लिए कहा। ट्रांसपोर्टर ने अपने व्यक्ति को मौके पर भेजा। जब उसने ट्रक में झांककर देखा तो ड्राइवर मेराज हुसैन का शव ट्रक के अंदर पड़ा हुआ था। शव दो दिन पुराना था। इसके बाद मेराज के भूकेल स्थित परिजनों को जानकारी दी। परिजन तत्काल वाहन की व्यवस्था कर मंगलवार रात लगभग 8 बजे विशाखापट्टनम पहुंचे और वहां पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। जिसके पश्चात अगले दिन सुबह गुरुवार को भूकेल के मुस्लिम कब्रिस्तान में सुपुर्दे खाक किया गया। हत्या के बाद आरोपी मेराज हुसैन का मोबाइल फोन लेकर भाग गए थे। घटना की सूचना मिलते ही ट्रक मालिक भोज अग्रवाल (सरायपाली) घटना स्थल पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि ट्रक को विशाखापट्टनम के ऑटो नगर स्थित एक स्टील प्लांट में माल खाली करना था।
पुलिस के अनुसार आउटर साइड में विशाखापट्टनम से लगभग चार किलोमीटर पहले रात में रुकने के दौरान दोनों आरोपियों ने पीछे से रॉड मारकर मेराज पर हमला किया। मेराज ने बचाव करने की कोशिश की, परंतु दोनों हमलावरों ने सिर और पेट पर प्रहार कर उसकी हत्या कर दी और शव को ट्रक के अंदर डालकर मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।
विशाखापट्टनम पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज की मदद से कम समय में अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली। सरायपाली से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए अपने साथ विशाखापट्टनम ले गई है। विशाखापट्टनम पुलिस की तत्परता और दक्षता की पूरे बसना-अंचल में प्रशंसा की जा रही है।
पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और लगातार निगरानी रखी। जैसे ही आरोपियों ने मोबाइल चालू किया। लोकेशन सरायपाली क्षेत्र में ट्रेस हुई। तत्परता दिखाते हुए विशाखापट्टनम पुलिस सरायपाली पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से दोनों आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इंदल पाल(23 वर्ष), निवासी बैदपाली रोड झिलमिला (सरायपाली) और रति नायक (28 वर्ष), निवासी ताज नगर सरायपाली के रूप में हुई है। दोनों ने पूछताछ में हत्या की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। यह जानकारी भी सामने आई है कि ये आरोपी कुछ समय पूर्व बरगढ़ (ओडिशा) में भी हत्या की घटना में शामिल रहे हैं।
जानकारी के अनुसार मेराज हुसैन सरायपाली के भोजअग्रवाल की ट्रक में चिमनी भ_ी के ईंट लेकर शनिवार 11 अक्टूबर की रात को विशाखापट्टनम के लिए रवाना हुआ था। ओडिशा-आंध्रप्रदेश सीमा पर एक होटल के पास दोनों आरोपी, जो सरायपाली क्षेत्र के निवासी बताए गए, ट्रक में लिफ्ट मांगने लगे। दूसरे ट्रक चालक साथी ने उन्हें बिठाने से मना किया। परंतु मेराज ने यह कहकर कि अपने एरिया सरायपाली के आदमी हैं, बिठा लिया था।