महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,25 अक्टूबर। शासकीय माता कर्मा कन्या महाविद्यालय महासमुंद में शुक्रवार को रसायन शास्त्र विभाग द्वारा मोल डे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. शीलभद्र कुमार ने छात्राओं को विज्ञान के प्रति जिज्ञासु बने रहने और रसायन शास्त्र को प्रयोगात्मक रूप से समझने की प्रेरणा दी। रसायन शास्त्र विभागाध्यक्ष वंदना यादव ने बताया कि मोल डे प्रत्येक वर्ष 23 अक्टूबर को मनाया जाता है।
बताया गया कि इसकी शुरुआत सन् 1991 में नेशनल मोल डे फाउंडेशन एनएमडीएफ के संस्थापक मौरिस ओहलर द्वारा की गई थी। यह दिवस अवोगाद्रो संख्या के सम्मान में मनाया जाता है। यह संख्या किसी पदार्थ के एक मोल में उपस्थित कणों परमाणु, अणु या आयन की संख्या को दर्शाती है।
वंदना यादव ने यह भी बताया कि इस दिवस को 23 अक्टूबर 10.23 को सुबह 6.02 बजे से शाम 6.02 बजे तक मनाया जाता है। ताकि यह समय भी अवोगाद्रो संख्या की याद दिलाए। छात्राओं को यह भी बताया गया कि मोल कांसेप्ट रसायन शास्त्र का महत्वपूर्ण कांसेप्ट है जो हमें पदार्थों की मात्रात्मक समझ प्रदान करता है।
इस अवसर पर महाविद्यालय में मोल कांसेप्ट पर आधारित पोस्टर, क्विज़ एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। साथ ही विशेष रूप से तैयार किए गए मोलेसिक पार्क थीम पर नाटक में छात्राओं ने हास्य,अभिनय और वैज्ञानिक जानकारी का अद्भुत मिश्रण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के रूप में डॉ.् मनोज कुमार शर्मा,डॉ.श्वेतलाना नागल,खगेश्वर प्रसाद नवरंगे, वंदना यादव उपस्थित रहीं। इस दौरान एक नाटक में अवोगाद्रो, प्रोफेसर कार्बन और मोल डायनासॉर जैसे किरदारों के माध्यम से रसायन शास्त्र के मोल कांसेप्ट को जीवंत रूप में दर्शाया गया। सभी ने छात्राओं के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के रचनात्मक आयोजन छात्राओं में वैज्ञानिक सोच और टीम भावना को विकसित करते हैं।