महासमुन्द
महासमुंद, 24 अक्टूबर। बसना थाना क्षेत्र अंतर्गत कुरमाडीह में बुधवार सुबह ट्रैक्टर पलटने से किसान की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह-सुबह हुई इस घटना ने पूरे गांव को शोक और सन्नाटे में डूबो दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कुरमाडीह निवासी किसान बृजलाल चौहान पिता अमर सिंह चौहान अपने ट्रैक्टर क्रमांक सीजी 06 जीडी 5895 से खेत की ओर जा रहा था।जब वह कुरमाडीह से बरभांठा जाने वाले कच्चे मार्ग पर स्थित छोटी डोंगरी तरफ जा रहा था। ट्रैक्टर का एक्सीलेटर दबा कर स्पीड से चढ़ा रहा था कि ट्रैक्टर पिकअप नहीं लेने के कारण नियंत्रण खोते ही पलट कर खेत में जा गिरा। जिससे बृजलाल चौहान ट्रैक्टर के नीचे दब गया। किसान का पूरा शरीर भारी भरकम ट्रैक्टर के नीचे था। इससे उसके सिर, पीठ, हाथ पैर में गंभीर चोटें आईं। नजदीक ग्राम के ग्रामीणों ने जब दुर्घटना की आवाज सुनी तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने अन्य ट्रैक्टर से बड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को बनाकर किसान को बाहर निकाला।
परिजनों व ग्रामीणों ने तुरंत कृषक बृजलाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम पश्चात परिजनों को सौंप दिया।