महासमुन्द

किसान 30 को करेंगे क्काजाम
24-Oct-2025 7:27 PM
किसान 30 को करेंगे क्काजाम

धान खरीदी में लाखों का घोटाला मामला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 24 अक्टूबर। बसना क्षेत्र स्थित सहकारी समिति सागुनढाप में वर्ष 2024-2025 के दौरान धान खरीदी में हुए बड़े घोटाले को लेकर किसान आक्रोशित हैं। किसानों का कहना है कि उनकी शिकायत के बावजूद अब तक जांच शुरू नहीं की गई है।

इस पर नाराज किसानों ने 23 अक्टूबर को कलेक्टर एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों को पत्र दिया गया है एवं चेतावनी दी है कि यदि 29 अक्टूबर तक जांच प्रारंभ नहीं हुई तो वे 30 अक्टूबर को राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 53, लोहरिनडोंगरी चौक, सांकरा में चक्काजाम करेंगे। कहा है कि इस दौरान दोपहर 12 से शाम 5 बजे तक मार्ग अवरुद्ध रहेगा। जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन.प्रशासन की होगी। मिली जानकारी के अनुसार सहकारी समिति सागुनढाप में किसानों की एक बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में समिति के कर्मचारियों ने बताया कि प्राधिकृत अधिकारी मथामणी बढाई और धान खरीदी प्रभारी हरिलाल साव के द्वारा लगभग 1514 क्विंटल 40 किलो धान का घोटाला किया गया है। इस घोटाले की राशि लगभग 50 लाख रुपए बताई जा रही है। जिसे प्रबंधक मथामणी बढाई ने अन्य किसानों के बैंक खातों से अपने निजी खाते में धन अंतरण आरटीजीएस के माध्यम से जमा करवाया। किसानों ने इस प्रकरण में दोनों अधिकारियों को पद से हटाने और गबन की गई राशि की वसूली कर संवैधानिक कार्रवाई करने की मांग 25 सितंबर को जिला प्रशासन से की थी।

इस पर उप पंजीयक जिला सहकारी संस्थाएं महासमुंद द्वारा 6 अक्टूबर  को मथामणी बढाई को पद से हटाने का आदेश जारी किया गया। फिर भी किसानों का आरोप है कि संबंधित अधिकारी जानबूझकर दोषियों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं और अब तक न तो उचित जांच की गई है, न ही किसी प्रकार की कार्रवाई हुई है। इससे आक्रोशित किसानों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 29 अक्टूबर तक जांच शुरू नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।


अन्य पोस्ट