महासमुन्द
आरोपियों में नेता, व्यापारी, समाजसेवी और बड़े कारोबारी पुत्र शामिल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,24 अक्टूबर। कोतवाली पुलिस ने बुधवार की रात रायपुर रोड पर एलआईसी बिल्डिंग के सामने स्थित बालाजी होटल की तीसरी मंजिल पर छापेमारी कर 18 जुआरियों को जुआ खेलते रंगे हाथों पकड़ा है। इसमें कुछ नेता, व्यापारी, समाज सेवी और बड़े व्यापारी पुत्र शामिल हैं। सभी को गिरफ्तार कर मौके से जुए की रकम 7.64 लाख रुपए नकद समेत अन्य सामग्री जब्त की है। सभी के विरूद्ध छग जुआ प्रतिषेध अधिनियिम 2022 की धारा 3-2,5 तथा बीएनएस की धारा 111, 112 संगठित अपराध के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। शाम को सभी थाने से जमानत पर छूटे।
जानकारी अनुसार इनमें से 2 प्रमुख लोगों के विरूद्ध पुलिस ने 151 का मामला भी दर्ज किया था। ये दोनों भी कोर्ट से जमानत पर छूट गए।
कोतवाली से मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर की सूचना पर 23 अक्टूबर की रात करीब डेढ़ बजे टीआई शरद कुमार दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रायपुर रोड पर स्थित बालाजी होटल में छापेमारी की। मौके पर सभी 18 जुआरी जुआ खेलते रंगे हाथ पकड़े गए। सभी को मौके की कार्रवाई के बाद कोतवाली लाया गया।
गिरफ्तार लोगों में राजेश, जसमीत, विपिन, नीरज, कृष्ण कुमार, राहुल, तुषार, जितेंद्र, रणवीर सिंह, रिंकू उर्फ धर्मेंद्र, रवि, अभिषेक, मेहूल, शशांक, आनंद, कुणाल, करण, हितेश शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि होटल मालिक अजय मौके पर नहीं मिला। उसके विरूद्ध भी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस को मौके से 10 चार पहिया वाहन, 19 मोबाइल और 7.64 लाख कैश मौके पर मिला है।
दिन निकलते ही जुए की बड़ी कार्रवाई और इसमें शहर के नेता, समाजसेवी, व्यापारी, व्यापारी पुत्र जैसे बड़े-बड़े नाम हैं। इनकी गिरफ्तारी की खबर सुनकर इनके परिजन और साथी कोतवाली पहुंचने लगे। इस वजह से कोतवाली के आसपास घंटों गहमागहमी रही। दिनभर पूछताछ और बयान की कार्रवाई के बाद शाम करीब 4 बजे सभी थाने से जमानत पर छूटे।