महासमुन्द

लक्ष्य के एक साल बाद भी नहीं बन पाए 45 फीसदी बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड
23-Oct-2025 4:26 PM
लक्ष्य के एक साल बाद भी नहीं बन पाए  45 फीसदी बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड

51 हजार में से 23 हजार से ज्यादा कार्ड बनने शेष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 23 अक्टूबर। महासमुंद जिले में 70 प्लस उम्र वाले बुजुर्गों के करीब 45 फीसदी लोगों के अब तक आयुष्मान वय वंदना कार्ड योजना के तहत कार्ड नहीं बन पाए हैं। कार्ड बनाने के लिए शिविर भी लगाए जा रहे हैं, फिर भी विभाग तय लक्ष्य को एक साल बाद भी पूरा करने में पीछे है। इस योजना के तहत 70 प्लस उम्र के लोगों को पांच लाख रुपए तक के मुफ्त उपचार की सुविधा मिलती है।

स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार विभाग ने जिले में 50 हजार 719 बुजुर्गों का आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनाने का लक्ष्य रखा है। अब तक 27 हजार 585 लोगों के ही आयुष्मान कार्ड बने हैं। अभी 23 हजार से ज्यादा कार्ड बनने शेष हैं। आयुष्मान योजना के तहत जिन बुजुर्गों ने पूर्व में ई-केवायसी करवाई थी। ऐसे सभी बुजुर्गों का नाम आयुष्मान वय वंदना कार्ड में शामिल कर लिया गया है। ग्रामीण अंचलों में शिविर लगाए जाने बाद भी अधिकांश बुजुर्गों को कार्ड नहीं मिल पाया है। अक्टूबर 2024 में इस योजना की शुरुआत हुई थी। इस तरह एक साल बाद भी हजारों बुजुर्गों ने अब तक पंजीयन नहीं कराया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति के तहत बुजुर्गों का कार्ड बनाने की प्रक्रिया जारी है।                

जानकारी अनुसार लोक सेवा केंद्रों के माध्यम से भी कार्ड बनवाए जा सकते हैं। बीजेपी ने अपने घोषणा पत्र में आयुष्मान कार्ड योजना के तहत उपचार के लिए 10 लाख रुपए तक देने का वादा किया था। लेकिन डेढ़ साल बाद भी अब तक घोषणाओं पर अमल नहीं हुआ है। लोगों को पांच लाख रुपए तक ही उपचार की सुविधा मिल रही है। मालूम हो कि आयुष्मान भारत योजना के तहत महासमुंद जिले में 11 लाख 15 हजार लोगों का कार्ड बनाने का लक्ष्य है। इसमें तहत 10 लाख 15 हजार लोगों के कार्ड बनाए जा चुके हैं। लेकिन अभी भी एक लाख से ज्यादा लोगों के कार्ड नहीं बने हैं। बताया जा रहा है इनमें बुजुर्गों के साथ बच्चे भी शामिल हैं।

 

स्वास्थ्य विभाग के आयुष्मान कार्ड प्रभारी ओपी धुरंधर ने बताया कि बुजुर्गों का कार्ड बनाने के लिए शिविर लगाए जा रहे हैं। पंचायत स्तर पर भी प्रयास किया जा रहा है। कई बुजुर्गों का आधार भी अब तक अपडेट नहीं हो पाया है। सभी को आधार अपडेट करवाने की सूचना दी गई है। जिले के 21 निजी व शासकीय अस्पताल हैं, जहां आयुष्मान वय वंदना कार्ड के जरिए मरीज उपचार करा सकते हैं। राशनकार्ड के माध्यम से भी आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनाया जा सकता है। इस योजना के तहत जांच से लेकर ऑपरेशन और उपचार का लाभ मिलता है। आने.जाने का खर्च भी इसी कार्ड के माध्यम से पूरा होता है।


अन्य पोस्ट