महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 अक्टूबर। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने दीपावली के अवसर पर अध्यक्ष कक्ष में मां लक्ष्मी की पूजा कर कर्मचारियों के साथ खुशियां बांटी। इस दौरान उनकी माता सीतादेवी साहू भी पूजा में शामिल हुईं। श्री साहू ने मां लक्ष्मी से नगरवासियों के जीवन में सुख-समृद्धि व खुशहाली की प्रार्थना की।
उन्होंने कहा कि दीपावली हिंदू संस्कृति का एक महत्वपूर्ण त्यौहार है। यह त्यौहार बुराई पर अच्छाई और अंधकार पर प्रकाश की विजय का प्रतीक है। दीवाली का सबसे प्रमुख पौराणिक कथा भगवान राम से जुड़ा हुआ है। यह भगवान श्री राम की अयोध्या वापसी का पर्व है जहां लोगों ने उनकी स्वागत के लिए दीयों की कतारें सजाई थी। जो अज्ञानता और अंधकार को दूर करने का प्रतीक है। यह त्यौहार भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहर का एक जीवंत चित्रण है, जो हमें सदैव आशा और अच्छाई की विजय का संदेश देता है। भगवान राम तथा माता लक्ष्मी से यही प्रार्थना है कि सभी के जीवन में सुख समृद्धि का संचार हो।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से पार्षद नीरज चंद्राकर, जितेंद्र मोहंती, हीरा चौहान सहित कर्मचारी-अधिकारी उपस्थित थे। इसके बाद नपाध्यक्ष निखिलकात साहू यादवों की टोली के साथ राउत नाचा के लिए निकले और शहर की गलियों में नाचते हुए लोगों को बधाईयां दी।