महासमुन्द
महासमुंद, 23 अक्टूबर। महासमुंद कोतवाली थानांतर्गत ग्राम नांदगांव के हाई स्कूल मैदान में 20 अक्टूबर की रात टार्च दिखाने की बात पर तीन युवकों ने मिलकर एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस के मुताबिक वार्ड-18 ग्राम नांदगांव निवासी चंद्रध्वज सिंह ने पुलिस को बताया कि 20 अक्टूबर को रात करीबन 9.30 बजे वे खाना खाकर घर में सहपरिवार बैठे थे। उसी समय बेटे भेसराज सिंह को उसके दोस्त रवि पटेल और डगेश्वर साहू लेकर आए। भेसराज की कमर के ऊपर में चोटे आई थीं। वह बातचीत करने की हालत में नहीं था। उसे तुरंत एंबुलेंस से खरोरा अस्पताल पहुंचाया गया। भेसराज के दोस्त रवि ने बताया कि रात करीब 9 बजे वह डगेश्वर साहू और भेसराज सिंह के साथ हाई स्कूल मैदान के पास बैठे थे। कुछ समय बाद बाइक से कीर्ति सतनामी, शुभम सतनामी और शुभम धीवर पहुंचे। उन्हें देखकर भेसराज टार्च दिखाने लगा। कीर्ति सतनामी, शुभम सतनामी और शुभम धीवर ने टार्च दिखाने की बात पर विवाद करते हुए भेसराज की कमर में चाकू से हमला कर दिया। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।