महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 अक्टूबर। सरायपाली थाना अंतर्गत ग्राम बोंदा से नवापाली के बीच एक निर्जन स्थान पर खेत में स्थित एक कुएं में एक महिला का शव पाया गया है।
20 अक्टूबर की सुबह खेत की ओर जाने पर एक व्यक्ति ने इसे देखा और आसपास के ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। साथ ही पुलिस को भी इसकी जानकारी दी गई। अचानक इस प्रकार की घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस को प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस ने पीएम के पश्चात् ही मामले का खुलासा होने की बात कही है।
मिली जानकारी अनुसार दीपावली के दिन 20 अक्टूबर को बोंदा नवापाली के मध्य पठारनुमा स्थान पर एक खेत में बने कुएं में किसी अज्ञात महिला का शव तैरता हुआ पाया गया। महिला की उम्र 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। महिला के दाहिने हाथ में पीले रंग का धागा एवं बाएं हाथ में गोदना से अंग्रेजी का अक्षर ए पी लिखा हुआ था। मृतिका ने नीला एवं पीला छींटदार साड़ी एवं काला ब्लाउज पहना हुआ था, उसके पैर व हाथ में गोदना का निशान था।
नवापाली के ग्रामीणों ने बताया कि 20 अक्टूबर की सुबह उस क्षेत्र में खेत की ओर जाने पर एक व्यक्ति को कुछ दुर्गंध महसूस हुआ। उस दिशा में जाकर देखा तो उसे कुएं में महिला की तैरती हुई लाश दिखी। शव को देखने पर दो-तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा था। ग्रामीणों के द्वारा पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
पुलिस के द्वारा मामले की छानबीन की गई। जिसमें मृतका का नाम पीतर सिदार पति स्व.अलेख सिदार निवासी ग्राम जोगनीपाली के रूप में शिनाख्त हुआ है। पुलिस द्वारा शव का पीएम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। बहरहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।