महासमुन्द

पटाखा बाजार में एमआरपी का खेल, कीमतों में मनमानी
22-Oct-2025 4:43 PM
 पटाखा बाजार में एमआरपी  का खेल, कीमतों में मनमानी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 22 अक्टूबर। दीपावली पर्व की रौनक के बीच शहर के पटाखा बाजारों में खरीदारों की भीड़ बढ़ रही है, लेकिन इसके साथ ही पटाखों की कीमतों में भारी असमानता देखने को मिल रही है। कई दुकानों में एक ही ब्रांड के पटाखे अलग-अलग दामों में बिक रहे हैं। ग्राहकों का कहना है कि पैकिंग पर अंकित एमआरपी (अधिकतम खुदरा मूल्य) मनमाने ढंग से लिखे गए हैं, जिससे भ्रम की स्थिति बन रही है।

जगह-जगह सजा पटाखा बाजार

शहर के हाई स्कूल मैदान, सदर मार्केट, नेहरू चौक, गोल बाजार रोड, रायपुर रोड, गांधी चौक और बरोंडा बाजार जैसे इलाकों में अस्थायी पटाखा बाजार सज गए हैं। धनतेरस के दिन से ही खरीदारों की भीड़ लगातार बढ़ रही है।

दामों में भारी अंतर, ग्राहकों में असंतोष

खबर तैयार करते समय यह सामने आया कि कुछ दुकानदार पटाखों की पैकिंग पर वास्तविक कीमत से कई गुना अधिक एमआरपी अंकित कर रहे हैं।

उदाहरण के तौर पर —100 रुपए में बिकने वाले अनारदाना पर 500 रुपए एमआरपी लिखी है। वहीं 500 रुपए के पटाखे पर 2850 रुपए तक की कीमत अंकित है, 80 रुपए वाले टाइगर बम पर 333 रुपए, और 250 रुपए में मिलने वाली चकरी पर 900 रुपए तक का दाम दर्शाया गया है।

ग्राहकों का कहना है कि यह एमआरपी के नाम पर धोखाधड़ी है। इससे असली कीमत का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है और व्यापारी मनमाना लाभ उठा रहे हैं।

प्रशासन ने दावा किया है कि सभी पटाखा बाजारों पर ‘सुरक्षा और मूल्य नियंत्रण’ के लिए निगरानी रखी जा रही है।

एसडीएम अक्षा गुप्ता ने कहा — मुझे फिलहाल ऐसी शिकायतों की जानकारी नहीं है। यदि बाजार में एमआरपी या मूल्य निर्धारण में कोई अनियमितता पाई जाती है, तो जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

उपभोक्ताओं की अपील

स्थानीय उपभोक्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि वह मूल्य सूची प्रदर्शित करने, सुरक्षा नियमों के पालन और एमआरपी सत्यापन को लेकर सख्त कार्रवाई करे, ताकि ग्राहकों को उचित मूल्य पर सामान मिल सके।


अन्य पोस्ट