महासमुन्द
रातभर गूंजते रहे पटाखों के धमाके, दीपों से जगमगाया अंचल, रंगोली से सजे घर-आंगन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 अक्टूबर। नगर सहित आसपास के गांवों में सोमवार को प्रकाश पर्व दीपावली बड़े ही हर्षोल्लास, उमंग के साथ मनाया गया। सुबह से ही नगर में त्यौहार की रौनक देखने को मिली। लोगों ने अपने घरों, प्रतिष्ठानों और मंदिरों की सफाई कर सुंदर रंगोलियां सजाई। बाजारों में दिनभर चहल-पहल बनी रही, वहीं मिठाई दुकानों पर खरीदारों की लंबी कतारें देखी गई। मंगलवार को भी लक्ष्मी पूजा का शुभमुहूर्त शाम 4 बजे से रात्रि तक रहा।
इस दौरान घर-घर में माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर समृद्धि और मंगल की कामना की। पूरा नगर दीपमालिका से आलोकित हो उठा। घरों की दीवारों, छतों, आंगनों और मार्गों पर सैकड़ों दीपक झिलमिला रहे थे। रंग-बिरंगी झालरों और विद्युत सजावट से पूरा नगर स्वर्ग की भांति चमक उठा।
बीटीआई रोड, बरोंडा चौक, नेहरू चौक, लोहिया चौक समेत वहर के तमाम चौक-चौराहे और गलियां सहित प्रमुख मार्गों पर नागरिकों ने आकर्षक सजावट कर दीपावली को यादगार बना दिया। पूजा पश्चात लोगों ने अपने मित्रों, परिजनों और पड़ोसियों के साथ मिठाइयों का आदान-प्रदान कर एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। बच्चों और युवाओं में पटाखों और आतिशबाजी का जोश देखते बना। रातभर नगर और आसपास के गांवों में पटाखों की गूंज सुनाई देती रही।
महिलाओं ने घरों में पारंपरिक व्यंजन तैयार कर परिवारजनों को परोसे, वहीं वृद्धजन और बच्चे दीपों की रोशनी में देर रात तक त्यौहार का आनंद लेते रहे। ग्रामीण अंचलों सिंघनपुर, भूकेल, भंवरपुर, बड़ेसाजापाली, सलखंड, जमदरहा, पिरदा, चनाट, जगदीशपुर, रेमड़ा, भगतदेवरी, साल्हेतराई, गढफ़ुलझर, बरोली, सलडीह, चिमरकेल, आमापाली सहित विभिन्न गांवों में भी दीपावली का पर्व उत्साह और परंपरा के साथ मनाया गया। गांवों में इस वर्ष लोगों ने मिट्टी से बने पारंपरिक दीयों का अधिक प्रयोग किया।
दीपावली से लगभग पंद्रह दिन पहले ही गांव-गांव में कुम्हार मिट्टी के दीये बेचने के लिए गांव गांव आए थे। ग्रामीणों ने इन दीयों की खूब खरीदारी की। इससे कुम्हारों का पारंपरिक व्यवसाय फिर से रफ्तार पकड़ता दिखा। दीपावली की शाम नगर की सडक़ों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
गौरा-गौरी पूजा
कला, संस्कृति और संकीर्तन के लिए प्रसिद्ध ग्राम डिघारी में दीपावली के अवसर पर पारंपरिक गौरा-गौरी पर्व बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। छत्तीसगढ़ की लोक परंपरा में कार्तिक अमावस्या की रात जहां एक ओर दीपों की जगमगाहट होती है, वहीं दूसरी ओर गांव गांव में सुआ गीत और गौरा-गौरी पूजा का आयोजन कर लोक संस्कृति को जीवंत रखा जाता है।
इस वर्ष भी गौरा-गौरी पर्व समिति की महिलाओं ने आयोजन की पूरी जिम्मेदारी संभाली। इस अवसर पर भगवान महादेव-पार्वती के साथ नागदेवता, नंदी बैल, बजरंगबली और ग्रामपति ठाकुरदिया सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाओं का विधिवत पूजन किया गया।
पूजन के दौरान मांदर, ढोल, ताशा, निशान और मोहरी की गूंज से गांव का वातावरण भक्तिमय हो उठा। छत्तीसगढ़ की यह लोक परंपरा आपसी भाईचारे, श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक है, जिसमें गांव एवं संसार के कल्याण की कामना की जाती है। दीपावली की रात गांव में भक्ति गीतों की स्वर लहरियां देर रात तक गूँजती रहीं। आज सुबह भव्य झाँकी निकालकर गौरा-गौरी का विसर्जन किया गया। यह पर्व न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि हमारी मिट्टी से जुड़ी जीवंत लोक परंपरा है, जिसे आने वाली पीढिय़ों तक पहुंचाना आवश्यक है। इस वर्ष भी ग्रामवासियों एवं आसपास के लोगों ने श्रद्धा, भक्ति और सहयोग भाव से पर्व को सफल बनाया।